मुख्यमंत्री ने हरदोई में आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन के
दृष्टिगत जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की

मल्लावां कट पर गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल
एवं इससे सम्बन्धित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया

प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से
सम्पन्न कराया जाए, सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए : मुख्यमंत्री

सभा स्थल में बैठने की समुचित व्यवस्था, पण्डाल की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता,
शौचालय व्यवस्था एवं मानकों के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ : 23 अप्रैल, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद हरदोई में आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत तहसील बिलग्राम, जनपद हरदोई स्थित मल्लावां कट पर गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल एवं इससे सम्बन्धित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, वी0आई0पी0 मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबन्ध, यातायात व्यवस्था सहित समस्त तैयारियों का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्यां में शिथिलता कदापि स्वीकार्य नहीं होगी।
मुख्यमंत्री जी ने सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था, पण्डाल की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालय व्यवस्था एवं मानकों के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण कर ली जाएं।
यातायात प्रबन्धन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के समय यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आम नागरिकों को असुविधा न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं स्पष्ट संकेतक (साइन बोर्ड) स्थापित किए जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने हेलीपैड एवं वी0आई0पी0 मूवमेण्ट से सम्बन्धित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्बुलेन्स, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी कमी को तत्काल दूर कर लिया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल एवं आस-पास के क्षेत्रों में हरित वातावरण को बढ़ावा देने हेतु ‘हरि शंकरी’ प्रजाति के वृक्षों का रोपण किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है, अतः सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय एवं समर्पण से कार्य करते हुए कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी को अधिकारियों ने मैप के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी तथा आश्वस्त किया कि समस्त तैयारियां समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण कर ली जाएंगी।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने