बलरामपुर- जनपद में एल0पी0जी0 घरेलू सिलेण्डरों की आपूर्ति उत्तरोत्तर सुचारु एवं सामान्य हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि जनपद में 08-09 गैस एजेन्सियों को छोड़कर कहीं भी एल0पी0जी0 की कमी नहीं है।
​जिले की समस्त 39 गैस एजेन्सियों पर दिनांक 08.04.2026 को घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों का प्रारम्भिक स्टॉक 8136 था, जबकि दिनांक 09.04.2026 को प्रारम्भिक स्टॉक 7640 है।
​दिनांक 08.04.2026 को घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की कुल पेंडिंग बुकिंग 20770 थी, जबकि दिनांक 09.04.2026 को पेंडिंग बुकिंग 21092 है।
​दिनांक 07.04.2026 को 6372 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की आमद हुई थी, जबकि दिनांक 08.04.2026 को 4008 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की आमद हुई।
​दिनांक 07.04.2026 को 5271 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों का वितरण किया गया था, जबकि दिनांक 08.04.2026 को 5169 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों का वितरण किया गया।
​बलरामपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में स्थित श्री बालाजी भारत गैस सर्विस पर दिनांक 08.04.2026 को पेंडिंग बुकिंग 326 थी, जबकि आज 356 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की आमद हुई। इस एजेन्सी द्वारा दिनांक 07.04.2026 तक मात्र गैस गोदाम से ही वितरण किया जा रहा था। बुधवार दिनांक 08.04.2026 से होम डिलिवरी आरम्भ कर दी गई; और बलरामपुर नगर पालिका क्षेत्र के सिविल लाइन्स, पहलवारा, पुरैनिया, तुलसीपुर पार्क एवं नई बस्ती मोहल्लों में कुल मिलाकर 190 सिलेण्डरों की होम डिलिवरी की गई। बॉटलिंग प्लांट से आज 360 सिलेण्डरों का एक ट्रक लोड इस एजेन्सी को प्राप्त हो चुका है; और श्री बालाजी भारत गैस सर्विस एजेन्सी द्वारा आज बलरामपुर नगर पालिका क्षेत्र के सिविल लाइन्स, पहलवारा, पुरैनिया, तुलसीपुर पार्क एवं नई बस्ती मोहल्ला के साथ ही खलवा, पूरबटोला और धुसाह मोहल्लों में होम डिलिवरी की जा रही है। कल इस एजेन्सी द्वारा 190 सिलेण्डरों की होम डिलिवरी की गई थी और आज 240 सिलेण्डरों की होम डिलिवरी की जा रही है।
​दिनांक 08.04.2026 को राप्ती गैस सर्विस पर पेंडिंग बुकिंग 1720 थी, जबकि आज पेंडिंग बुकिंग 1371 है। आज इस एजेन्सी पर मात्र 250 घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की आमद हुई है। पेंडिंग बुकिंग अधिक होने के कारण इस एजेन्सी द्वारा होम डिलिवरी अभी आरम्भ नहीं हो पाई है। इस एजेन्सी पर पेंडिंग बुकिंग अधिक होने के कारण बी0पी0सी0एल0 के सेल्स ऑफीसर से यह अपेक्षा की गई है कि एजेन्सी पर विद्यमान बैकलॉग को यथाशीघ्र समाप्त करने के दृष्टिगत अगले 02-03 दिनों तक इस एजेन्सी को अतिरिक्त ट्रक लोड दिया जाय। सेल्स ऑफीसर द्वारा अवगत कराया गया है कि कल दिनांक 10.04.2026 से बैकलॉग समाप्त होने तक राप्ती गैस सर्विस को प्रतिदिन 02 ट्रक लोड उपलब्ध कराया जाएगा। सेल्स ऑफीसर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 360 सिलेण्डरों वाले 02 ट्रक बॉटलिंग प्लांट पर लोड हो रहे हैं, जो कल पूर्वाह्न में राप्ती गैस एजेन्सी पर पहुंच जाएंगे।
​जिले के उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि रिफिल बुक कराने के बाद वे गैस एजेन्सियों के गोदाम पर न जायें, ताकि क्रमानुसार उनके घरों तक घरेलू एल0पी0जी0 सिलेण्डरों की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा सके।
*​सुचारु वितरण के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध : 02 व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज*
​जनपद बलरामपुर में गैस एजेन्सियों से सुचारु वितरण शुरू कराए जाने के उद्देश्य से 03 जिला स्तरीय अधिकारियों श्री यशवन्त मौर्य, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, श्री संजय कुमार जिला गन्ना अधिकारी और श्री अभिषेक पटेल, सहायक अभियन्ता लघु सिंचाई विभाग को नोडल अधिकारी नामित करते हुए उन्हें तीन-तीन विकासखण्डों में गैस सिलेण्डरों के वितरण की स्थिति का अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए हैं।
​दिनांक 08.04.2026 को प्रातः 10 बजे जिला पूर्ति अधिकारी को दूरभाष पर यह सूचना प्राप्त हुई कि रिक्शा चालक सहित 02 व्यक्ति धर्मपुर में एक ई-रिक्शा पर कुछ भरे हुए सिलेण्डर लेकर जा रहे थे, जिसे ग्रामीणों ने रोक लिया है। सूचना मिलते ही जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक बलरामपुर को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच दल के सदस्यों के मौके पर पहुंचने पर वहां उपस्थित ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि ई-रिक्शा चालक और एक अन्य व्यक्ति 10 सिलेण्डरों को सड़क पर उतारकर ई-रिक्शा सहित भाग गए। जांच करने पर पाया गया कि उनमें से 09 सिलेण्डर भरे हुए थे और 01 सिलेण्डर खाली था। मौके पर उपस्थित ग्रामीणजन और दूरभाष पर सूचना देने वाले व्यक्ति द्वारा बताया गया कि वे ई-रिक्शा चालक या उसके साथ वाले दूसरे व्यक्ति को वे पहचानते नहीं हैं।
​अतः जांच दल के सदस्यों द्वारा 09 भरे हुए और 01 खाली कुल 10 सिलेण्डरों को शासन के पक्ष में जब्त करते हुए राप्ती गैस सर्विस, बी0पी0सी0 के गैस वितरक के प्रतिनिधि को इस निर्देश के साथ सुपुर्द कर दिया गया कि सक्षम अधिकारी/न्यायालय द्वारा मांगे जाने प्रस्तुत करेंगे। जांच के उपरान्त उपर्युक्त दोनों अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक द्वारा थाना नगर कोतवाली, बलरामपुर में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
​प्रशासनिक सक्रियता के चलते स्टॉक की स्थिति पिछले दिनों की तुलना में और बेहतर हुई है। जनपद में एल0पी0जी0 की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन हर नागरिक को सुगमता से एल0पी0जी0 उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने