बलरामपुर - जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से भारत गैस के राप्ती गैस गोदाम, धर्मपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं बुकिंग के सापेक्ष वितरण की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
*अनावश्यक रूप से लाइन पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश*
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस वितरण स्थल पर उपभोक्ताओं की अनावश्यक कतारों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी संचालकों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से व्यवस्थित किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*टोकन सिस्टम एवं टाइम स्लॉट लागू करने के निर्देश*
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गैस वितरण के लिए टोकन सिस्टम लागू किया जाए तथा उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित समय (टाइम स्लॉट) तय किए जाएं, जिससे भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित हो सके और लोगों को बेवजह लाइन में न लगना पड़े।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एजेंसी द्वारा की जा रही बुकिंग की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडरों का आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा।
*डिजिटल सुविधा बढ़ाने पर जोर*
   उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने गैस वितरण केंद्र पर क्यूआर कोड लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे वितरण पारदर्शी एवं सुगम हो सके।
*गैस एजेंसी के कार्यालय का भी किया निरीक्षण*

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने भारत गैस एजेंसी के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, उपभोक्ता सेवा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

*जनहित सर्वोपरि: डीएम*

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु एवं पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहें।

सूचना विभाग बलरामपुर द्वारा जारी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने