बलरामपुर- आगामी 19 मार्च से प्रारम्भ हो रहे चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर, तुलसीपुर में आयोजित होने वाले राजकीय मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा मेला क्षेत्र का भ्रमण कर फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश*
जिलाधिकारी ने कहा कि देवीपाटन मेला आस्था का बड़ा केंद्र है, जहाँ प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराएं।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों—पुलिस, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, अग्निशमन तथा अन्य विभागों—को निर्देशित किया कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।
*यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर*
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को विशेष रूप से व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल द्वारा अलर्ट मोड में ड्यूटी , बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
*स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुविधाओं की भी समीक्षा*
जिलाधिकारी ने नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
*श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता*
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि देवीपाटन धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण में दर्शन की सुविधा मिले। इसके लिए सभी विभागों को पूर्ण जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, एसडीएम तुलसीपुर राकेश जयंत, क्षेत्रधिकारी तुलसीपुर , मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know