मनरेगा भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना



बलरामपुर। मनरेगा मजदूरों के लंबित भुगतान को लेकर विकास भवन पर हुए कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला और मजदूरों के बकाया भुगतान की मांग की।
जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर-विरोधी हैं। मनरेगा के तहत काम करने वाले गरीब मजदूरों को समय से भुगतान न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मजदूरों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगभग 1 करोड़ मजदूर परिवार पिछले कई दिनों से अपनी मजदूरी के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को सरकार ने पूरी तरह से उपेक्षित कर दिया है। मजदूरों और संविदा कर्मियों का भुगतान रोककर सरकार उनके साथ अन्याय कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मारकंडे मिश्रा ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों का हनन लगातार किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
पूर्व प्रत्याशी उमाशंकर तिवारी ने कहा कि मजदूरों का बकाया भुगतान तुरंत किया जाना चाहिए। यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम बहादुर दुबे, धर्मेंद्र मिश्र, दिलशाद हुसैन, डॉ. खलीलुल्लाह, नंदलाल, मणि तिवारी, सुशील शुक्ला, प्रदीप शर्मा, कमलेश वर्मा, विजय कुमार उपाध्याय, अवधेश पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मजदूरों के बकाया भुगतान की मांग की और चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उमेश चन्द्र तिवारी 
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़ 
उत्तर प्रदेश 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने