बलरामपुर- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर चंदापुर के निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं व अभिलेखों के संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आई है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा किए गए निरीक्षण में कई रजिस्टर अधूरे पाए गए, वहीं वित्तीय प्रबंधन भी संतोषजनक नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान एएनएम की उपस्थिति से संबंधित कोई पंजिका उपलब्ध नहीं पाई गई। ओपीडी रजिस्टर में 28 व 29 जनवरी 2026 को एक भी मरीज दर्ज नहीं था, जबकि निरीक्षण के समय केंद्र पर मरीज मौजूद था। जांच में यह भी सामने आया कि ओपीडी रजिस्टर में कई तिथियों पर मरीजों के नाम अंकित नहीं हैं।
टीकाकरण रजिस्टर में मात्र सात मरीजों का विवरण दर्ज पाया गया ।एएनसी रजिस्टर में अप्रैल 2025 के बाद किसी भी गर्भवती महिला का पंजीकरण दर्ज नहीं मिला।
केंद्र पर केशबुक, चेक इश्यू रजिस्टर एवं बिल-वाउचर की फाइल नहीं बनाई गई थी। दवा स्टॉक बुक में केवल दवाओं के नाम दर्ज थे, जबकि प्राप्ति व वितरण का पूरा ब्यौरा नहीं था। अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक किसी भी चेक से भुगतान नहीं किया गया।
वित्तीय वर्ष 2024–25 में ₹44,549.68 के सापेक्ष ₹43,000 खर्च दर्शाया गया। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर लैपटॉप व प्रिंटर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही केंद्र की साफ-सफाई व सामग्री का रख-रखाव भी संतोषजनक नहीं मिला।
निरीक्षण के बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अवधेश कुमार पाण्डेय को अभिलेख दुरुस्त करने, व्यवस्थाएं सुधारने एवं लापरवाही पर चेतावनी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर को अवधेश कुमार पाण्डेय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा भी किया गया है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know