अमृत सरोवर बना ‘क्रिकेट मैदान’, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
![]() |
| ग्राम सभा गौरा कमाल के अमृत सरोवर में क्रिकेट खेलते ग्रामीण |
जलालपुर, अंबेडकरनगर। सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला जलालपुर कस्बे से सटे ग्राम पंचायत गौरा कमाल का है, जहां अमृत सरोवर के नाम पर बने तालाब की हालत देखकर लोग हैरान हैं।
बताया जाता है कि करीब पांच बीघा क्षेत्र में फैले इस तालाब को पहले पूरी तरह जलविहीन कर दिया गया। हालत यह है कि जहां पानी होना चाहिए था, वहां अब बच्चे क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। तालाब की सूखी जमीन और चारों तरफ फैली धूल योजना की हकीकत बयां कर रही है।
नाम न छापने की शर्त पर कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अमृत सरोवर के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान दीपचंद यादव पर योजना के नाम पर धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब का सही तरीके से विकास और जल संरक्षण किया जाता तो गांव को इसका लाभ मिलता। फिलहाल अमृत सरोवर की जगह यह मैदान बच्चों के क्रिकेट खेलने का स्थल बनकर रह गया है।
इस संबंध में जब ग्राम प्रधान दीपचंद यादव से स्पष्टीकरण लेने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं रिसीव हुआ। खंड विकास अधिकारी जलालपुर दिनेश राम ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Author
![]() |
| Jeevan_Prakash |


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know