गोंडा में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन: विकास भवन में छापा, दो वरिष्ठ लिपिक हिरासत में
गोंडा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एंटी करप्शन टीम ने विकास भवन में अचानक छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। टीम की इस दबिश से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम ने समाज कल्याण विभाग में तैनात वरिष्ठ लिपिक अरुणेंद्र सिंह और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के वरिष्ठ लिपिक उदय भान सिंह को पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया। कार्रवाई इतनी अचानक थी कि कर्मचारियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। दोनों कर्मचारियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं, जिससे विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि टीम ने बिना ज्यादा औपचारिकता के दोनों को अपने कब्जे में लेकर तुरंत वहां से रवाना हो गई। इस दौरान अन्य विभागों के कर्मचारी भी सहमे नजर आए और पूरे विकास भवन में सन्नाटा पसर गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले मंगलवार को भी एंटी करप्शन पुलिस ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात डीसी निर्माण विद्या भूषण मिश्रा को हिरासत में लिया था। उन पर फर्नीचर खरीद में कमीशन मांगने का गंभीर आरोप है।
लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में भ्रष्टाचार के मामलों पर जांच एजेंसियां सख्त रुख अपनाए हुए हैं। फिलहाल एंटी करप्शन टीम दोनों लिपिकों से गहन पूछताछ कर रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन विकास भवन में दबी जुबान से कई और बड़े खुलासों की चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know