उच्च शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने वाला सर्वसमावेशी बजट : रजनी तिवारी
लखनऊ, 18 फरवरी 2026
प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश के सुखद भविष्य की दिशा तय करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में विकास, रोजगार और सामाजिक समावेशन को केंद्र में रखते हुए व्यापक प्रावधान किए गए हैं, जिससे प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में मजबूती मिलेगी।
राज्यमंत्री ने बताया कि 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के आकार वाला यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.9 प्रतिशत बड़ा है। इसमें शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कुल बजट का 12.4 प्रतिशत शिक्षा तथा 6 प्रतिशत चिकित्सा क्षेत्र के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये तथा 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक नए निर्माण कार्यों पर व्यय का प्रावधान विकास को नई गति देगा।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पारदर्शी नीतियों, बेहतर कानून व्यवस्था और सुशासन के आधार पर नई पहचान बनाई है। पिछले नौ वर्षों में बिना अतिरिक्त कर लगाए बजट का आकार तीन गुना हुआ है और प्रदेश देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बजट सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम देने की थीम पर आधारित है।
शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि सरकार ने आंगनवाड़ी से उच्च शिक्षा तक बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है। उच्च शिक्षा के लिए 6,591 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष से 7 प्रतिशत अधिक है। मेधावी छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना हेतु 400 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपये तथा नए विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए विंध्याचल, मुरादाबाद और देवीपाटन मंडलों में 50-50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर और भदोही में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना योजनाओं के लिए 21-21 करोड़ रुपये तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए 14.50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने कहा कि यह बजट प्रदेश के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा और शिक्षा को विकास की मुख्य धुरी के रूप में स्थापित करेगा।
संपर्क सूत्र: धर्मवीर खरे 8737008603

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know