बलरामपुर- जनपद में इन दिनों बोर्ड परीक्षाओं का दौर जारी है। हजारों विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में देर रात्रि तक तेज ध्वनि में डीजे बजाए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस ने इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देर रात तक अत्यधिक शोर-शराबा न केवल छात्रों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न करता है,बल्कि आम जनजीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने प्रशासन से निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सुबह कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों के लिए पर्याप्त नींद अत्यंत आवश्यक है,ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से कर सकें। वहीं अस्पतालों और घरों में रह रहे मरीज—विशेषकर हृदय रोगी एवं बुजुर्ग—तेज ध्वनि से गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं। चिकित्सकीय दृष्टि से भी अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना गया है।
डीपी सिंह बैस ने स्पष्ट किया कि विवाह एवं अन्य सामाजिक समारोह निस्संदेह हर्ष और उल्लास के अवसर होते हैं। प्रत्येक नागरिक को अपनी खुशियां मनाने का अधिकार है,किंतु यह अधिकार दूसरों की शांति,सुविधा और स्वास्थ्य को प्रभावित किए बिना होना चाहिए। देर रात्रि तक ऊँची आवाज में डीजे बजाना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता के विपरीत है।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से विनम्र अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपने कार्यक्रमों का समापन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें,जिससे विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने