बलरामपुर  - भारत रत्न,पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर बलरामपुर सदर विधायक पलटूराम के कैंप कार्यालय में रविवार को अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि लोकसभा के पूर्व संयोजक शंकर दयाल पांडेय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पं.दीनदयाल उपाध्याय,डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि शंकर दयाल पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि बलरामपुर अटल जी की कर्मभूमि रही है,जहां की जनता ने उन्हें पहली बार लोकसभा भेजकर देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण, सुशासन, राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय अटल जी की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सदर विधायक पलटूराम ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और जनसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाने तथा पात्र नागरिकों के छूटे नाम नई सूची में जोड़ने का कार्य पूरी गंभीरता और ईमानदारी से किया जाना चाहिए,ताकि लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे आदर्श स्तंभ थे,जिनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर संगठन और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अवशेष तिवारी ‘तरुण’ ने किया। सम्मेलन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी,श्रीचंद्र शुक्ला,आध्या सिंह पिकीं,डॉ.राकेश चंद्रा,डीपी सिंह बैस,पवन शुक्ला,आनंद बाबा,संदीप उपाध्याय, भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद राज,जयंत सिंह,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ललिता तिवारी,वंदना पासवान,महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा,सरिता शुक्ला,सुनीता मिश्रा सहित नगर व मंडल के पदाधिकारी,सभासद एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के अंत में उपस्थित जनसमूह ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया।

           हिन्दी संवाद न्यूज से
            रिपोर्टर वी. संघर्ष
               बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने