जलालपुर (अंबेडकर नगर)। मालीपुर थाना क्षेत्र के आशानंदपुर बरौली गांव में एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाले 9 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।


घटना मंगलवार की बताई जा रही है। गांव निवासी अंधे दंपती की इकलौती संतान अंश सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह स्कूल बस से पढ़ने गया था। परिजनों के अनुसार लगभग 10 बजे स्कूल में ही उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टियां होने लगीं। छात्र की माता शशिकला का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद विद्यालय प्रशासन ने न तो उन्हें इसकी सूचना दी और न ही बच्चे को समय रहते घर भिजवाया।


दोपहर करीब 3 बजे छुट्टी के बाद स्कूल बस से अंश को घर भेजा गया। आरोप है कि बस में भी उसे खून की उल्टियां होती रहीं। घर से करीब 500 मीटर पहले ही बस चालक उसे उतारकर चला गया। बस से उतरते ही अंश सड़क पर गिर पड़ा और खून की उल्टियों से उसकी हालत और बिगड़ गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य छात्र ने मानवता दिखाते हुए उसे साइकिल पर बैठाकर किसी तरह घर पहुंचाया।


बच्चे की गंभीर स्थिति देखकर परिजन तत्काल उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


पीड़ित मां शशिकला ने जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर, मालीपुर के प्रबंधक सुरेश अग्रवाल समेत अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उपजिलाधिकारी जलालपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।


उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि थानाध्यक्ष मालीपुर की रिपोर्ट के आधार पर टीम गठित कर बच्चे के शव के पोस्टमार्टम हेतु निर्देशित कर दिया गया है।



       Author 

Jeevan_Prakash


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने