वैश्विक स्तनधारी महादिवस के अवसर पर ओखला बर्ड सैंक्चुअरी में कल ईको रन आयोजित की जाएगी
स्तनधारी जीवों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में यह दौड़ यह अहम भूमिका निभाएगी-जयवीर सिंह
लखनऊ: 04 अक्टूबर, 2025
दुनिया भर में प्रतिवर्ष 05 अक्टूबर को मनाए जाने वाले ग्लोबल मैमल बिग डे के अवसर पर ओखला बर्ड सैंक्चुअरी में विशेष ईको रन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म और ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर के सहयोग से किया जा रहा है। इस ईको रन का उद्देश्य सिर्फ दौड़ना नहीं, बल्कि प्रकृति और स्तनधारी जीवों के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि ओखला बर्ड सैंक्चुअरी में ईको रन की शुरुआत 05 अक्टूबर (रविवार) की सुबह 7ः00 बजे, गेट नंबर- 2 से शुरू होगी। इस दौड़ में संरक्षणवादियों, शिक्षाविदों, पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों, फिटनेस उत्साही लोगों एवं सामान्य जनमानस की भागीदारी रहेगी। हर कदम के साथ प्रतिभागी न केवल जीवन के हर रूप का उत्सव मनाएंगे, बल्कि स्तनधारी जीवों के संरक्षण और उन्हें सुरक्षित रखने की साझा जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाने में भी सक्रिय योगदान देंगे।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इको रन में सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। ओखला बर्ड सैंक्चुअरी (दिल्ली-एनसीआर) की प्राकृतिक सुंदरता के बीच एक विशेष दौड़ में सम्मिलित होना धावकों को अविस्मरणीय अनुभव देगा। यह दौड़ ग्लोबल मैमल बिग डे का हिस्सा है, जो प्रत्येक वर्ष छोटे से छोटे चमगादड़ से लेकर विशाल जीवों के प्रति संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करती है।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि स्तनधारी जीव हमारे पर्यावरण और स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनमें से कई संकट का सामना कर रहे हैं, जिनके संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। इसी उद्देश्य के साथ यूपी ईको टूरिज्म और ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर के सहयोग से ईको रन का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम लोगों को फिटनेस, जागरूकता और संरक्षण के लिए एक मंच प्रदान करता है।
निदेशक, ईको पर्यटन श्री प्रखर मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की भागीदारी से यह पहल स्तनधारी जीवों के संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी के बीच सेतु बनाती है। ईको रन प्रतिभागियों को न केवल दौड़ने का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि वे प्रकृति और जैव विविधता की सुरक्षा के संदेश को भी आगे बढ़ाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know