सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस बना पहला ‘ईट राइट स्कूल’

लखनऊ, 2 फरवरी। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा ‘ईट राइट स्कूल’ के खिताब से नवाजा गया है। सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस पहला ऐसा विद्यालय है जिसने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। इसी के साथ, खाद्य सुरक्षा, पोषण एवं स्वच्छता के बारे में छात्रों एवं युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उल्लेखनीय योगदान हेतु सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस की वरिष्ठ शिक्षिकाओं श्रीमती अपर्णा पाण्डेय एवं श्रीमती श्वेता सक्सेना को ‘हेल्थ वेलनेस अम्बेसडर’ के खिताब से नवाजा गया है। 

सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि हेतु विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ.एस.एस.ए.आई.) के मानकों के अनुरूप खाद्य सुरक्षा, पोषण और स्वच्छता हेतु जन-जागरण की एक अभिनव पहल की है, साथ ही इस सकारात्मक बदलाव हेतु छात्रों एवं युवा पीढ़ी को जागरूक करने में महती भूमिका निभाई है। श्रीमती अपर्णा पाण्डेय एवं श्रीमती श्वेता सक्सेना के मार्गदर्शन में सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस के छात्रों ने विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों, सभा-सम्मेलनों व कार्यशालाओं आदि के माध्यम से पौष्टिक खान-पान की संस्कृति को बढ़ावा देने एवं स्वस्थ समाज की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. का मानना है कि भावी पीढ़ी में आहार संबंधी आदतें कम उम्र में ही बन जाती हैं, ऐसे में भावी पीढ़ी को पौष्ठिक खान-पान के प्रति जागरूक करना अत्यन्त आवश्यक है क्योंकि यही जागरूकता एक स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है। सी.एम.एस. अपने छात्रों को न सिर्फ सर्वश्रेष्ठ शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी है अपितु सामाजिक उत्थान के विभिन्न प्रयासों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि सी.एम.एस. छात्र व शिक्षक विभिन्न क्षेत्रों में लखनऊ का गौरव बढ़ा रहे हैं।



Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने