*ब्राह्मण विरोधी सरकार है भाजपा: मनोज पांडेय* 


(बहराइच): महसी विधानसभा के राजी चौराहा मैदान में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में समाजवादी प्रबुद्धसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के दिग्गज ब्राह्मण नेताओं ने अपने संबोधनों से ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की पुरजोर कोशिश की। सम्मेलन के आयोजक पूर्व विधायक के0के0 ओझा व मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय रहें। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव एवं संचालन उमेश्वर पांडेय ने किया। स्वस्तिवाचन एवं वैदिक मंत्र्योच्चार के बाद स्वागत समारोह के साथ सम्मेलन की शुरुआत हुई।पूर्व विधायक दिलीप वर्मा ने भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की।पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही से आम जनता त्रस्त है। इससे निजात पाने के साथ सपा की सरकार को वापस लानी होगी। 2017 में ब्राह्मणों के बल पर भाजपा ने सरकार बनाई थी। इसके बाद ब्राह्मणों को अपराधी साबित करना शुरू कर दिया। दर्जनों ब्राह्मणों का गलत एनकाउंटर किया।पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला ने कहा कि कार्यक्रम स्थल में उपस्थित लोगों का जन सैलाब ही यह बताने के लिए काफी है कि सपा सरकार आने वाली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग हर जगह सपा के बीते कार्यकाल का गुणगान करें।पूर्व विधायक सनातन पांडेय ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान को बढ़ाने का काम सपा ने किया। ब्राह्मण सपा पर ही विश्वास कर रहा है। 2017 में सपा ने सर्वाधिक ब्राह्मण उम्मीदवारों को टिकट दिए थे। भाजपा सरकार में सैकड़ों ब्राह्मणों की हत्याएं हुई।मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री  एवं विधायक ऊंचाहार मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ब्राह्मणों की विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते थे कि काला धन लाएंगे, गरीबों के खाते में 15 लाख आएंगे। यह बयान गरीबों का मजाक था। किसानों को उपज का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। किसानों को आतंकी एवं खालिस्तानी बताया जा रहा है। कोरोनाकाल में आक्सीजन के कमी से हजारों मौतें हुई और सरकार कह रही किसी की आक्सीजन के कमी से मौत नहीं हुई है। खाद्य तेल, पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर मंहगाई को छूते जा रहे हैं। गरीब, नौजवान किसान परेशान है। देश के पीएम एवं यूपी के सीएम जुमले पर जुमले बोलते जा रहे हैं। भाजपा सरकार जिन ब्राह्मणों की हत्याएं करवा रही है। इसी ब्राह्मण कुल के मंगल पांडेय ने अंग्रेजों के विरुद्ध जंग का विगुल फूंका था। ब्राह्मण के स्वाभिमान पर आंच आई तो चाणक्य ने धनानंद को गद्दी से उतारकर पिछड़े समाज के चंद्रगुप्त मौर्य को सम्राट बना दिया। श्री पांडे ने कहा की बेशक विकास दूबे अपराधी था लेकिन निर्दोष खुशी दूबे के साथ भाजपा सरकार अन्याय पर अन्याय कर रही है। भाजपा सरकार तानाशाही पर उतारू है। किसी के दुख बांटने को जाने पर भी भाजपा ने रोक लगा रखी है। छिनैती, अपराध, लूट, बलात्कार की घटनाएं आम है। बेसहारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए किसान खेत के चौकीदार बने बैठे हैं। राशन के साथ झोला केवल प्रचार के लिए बंटवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने के बाद गांवों में बिजली फ्री होगी। हर महिलाओं को 1500 रुपये की समाजवादी पेंशन दी जाएगी। देश की संपत्तियां बेची जा रही है। निजीकरण तेजी से हो रहा है। गरीबी एवं मंहगाई से बचने के लिए सपा सरकार बनानी होगी। कार्यक्रम समापन पर मुख्य अतिथि ने 151 ब्राह्मणों को अंगवस्त्र प्रदान किया। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष राम हर्ष यादव, प्रदेश महासचिव पंकज शर्मा, राजन त्रिवेदी, करुणा शंकर दीक्षित, झब्बूलाल अवस्थी, आंनद कुमार समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।



हिंदी संवाद न्यूज़ बहराइच।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने