बलरामपुर - आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी ललिया ने थाना ललिया क्षेत्र के कस्बा मथुरा बाजार स्थित पटाखा दुकानों का औचक भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीओ ललिया ने आतिशबाजी विक्रेताओं के लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, जल व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की।
मानकों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
क्षेत्राधिकारी ललिया ने दुकानों पर अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकानदारों को अनिवार्य रूप से पानी से भरी बाल्टियाँ, बालू और कार्यशील अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानें केवल शासन द्वारा आवंटित खुले स्थानों पर ही लगेंगी और दो दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी सुनिश्चित की जाएगी। बिना लाइसेंस पटाखा बेचने या निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षित आतिशबाजी और सतर्कता बरतने की अपील
भीड़ नियंत्रण पर जोर देते हुए अधिकारियों ने दुकानदारों को दुकान के आसपास बेवजह भीड़ न जुटने देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी मथुरा बाजार भी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी ने आम जनमानस से अपील की कि दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द से मनाएं और बच्चों को हमेशा बड़ों की देखरेख में ही सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने दें।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know