बलरामपुर - मतदाता पंजीकरण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कैंप के निरीक्षण के सिलसिले में बलरामपुर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने प्रशासनिक अमले के साथ विधानसभा तुलसीपुर के कम्पोजिट विद्यालय कौवापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्थाओं, पठन-पाठन के स्तर और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीधे कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में दोस्ताना अंदाज में जानकारी ली। डीएम ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालय में एक बेहतर और रचनात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार किया जाए ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष नजर
विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) योजना की जमीनी हकीकत परखने के लिए डीएम ने भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से बात कर खाने के स्वाद और गुणवत्ता के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए।
आंगनबाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
विद्यालय परिसर में ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वहां बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण, देखभाल और साफ-सफाई व्यवस्था का मुआयना किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि बच्चों की शुरुआती देखभाल और पोषण के स्तर को और अधिक बेहतर बनाया जाए।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पात्र बच्चों तक समय पर पहुँचे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know