बलरामपुर- प्रतिष्ठित एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज की महिला हैंडबॉल टीम ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट तालमेल का लोहा मनवाते हुए माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आयोजित अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
शशि भूषण शरण सिंह महाविद्यालय, रेहरा (गोंडा) में खेली गई इस रोमांचक प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज की टीम ने बेहतरीन संघर्षशीलता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस कड़े मुकाबले में राजा देवी बख्श, डोमराडीह (गोंडा) की टीम उपविजेता रही।
सफलता के पीछे लगन और मार्गदर्शन
टीम ने यह ऐतिहासिक सफलता डॉ. श्री नारायण सिंह के कुशल नेतृत्व और क्रीड़ा परिषद के विशेष मार्गदर्शन में प्राप्त की। खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति ने महाविद्यालय का मान पूरे विश्वविद्यालय क्षेत्र में बढ़ा दिया है।
प्रशासन और शिक्षकों में हर्ष का माहौल
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक-मानसिक विकास और आत्मविश्वास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह, क्रीड़ा अध्यक्ष डॉ. बी. एल. गुप्ता और सह-क्रीड़ा अध्यक्ष श्रीमती कृतिका तिवारी ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि इस स्वर्णिम उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय परिवार में उत्साह और जश्न का माहौल है।
हिन्दी संवाद न्यूज से रिपोर्टर वी. संघर्ष बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know