जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर मोरंग लदे ट्रक को रोककर चालक और उसके सहायक से मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, मोबाइल छीनने और धमकी देने के मामले में चार दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
पीड़ित चालक ने प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी ट्रक चालक परमानंद के अनुसार, आठ अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह बिहार से मोरंग लेकर अकबरपुर जा रहा था। ब्रह्मदेव मंदिर के पास बुलेट और चारपहिया वाहनों से पहुंचे करीब छह लोगों ने ट्रक रुकवा लिया। आरोप है कि मोरंग बेचने से मना करते हुए चालक और उसके सहायक सूरज सिंह से मारपीट की गई। इसके बाद दोनों को नगर के एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर ले जाकर फिर पीटा गया।
चालक ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, मोबाइल छीनने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने पुलिस हेल्पलाइन की कॉल रिकॉर्डिंग और पेट्रोल पंप समेत घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know