बलरामपुर - जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को विकासखंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत रामपुर वनघुसरा के अंतर्गत दुबौलिया गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीणों से नियमित टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा आयुष्मान भारत योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से यह जानने का प्रयास किया कि इन योजनाओं का लाभ उन्हें किस प्रकार मिल रहा है तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है।
डॉ. रस्तोगी ने नियमित टीकाकरण के संबंध में जानकारी लेते हुए बच्चों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक टीके लगवाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल, समय पर स्वास्थ्य जांच तथा संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता को भी आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए।
जननी सुरक्षा योजना के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित प्रसव कराने तथा योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं आयुष्मान भारत योजना के संबंध में ग्रामीणों से संवाद करते हुए पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा योजना के अंतर्गत अनुमन्य निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए ग्रामीणों से सीधा संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे यह समझने में सहायता मिलती है कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ लोगों तक किस सीमा तक पहुंच रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ एवं जनहितकारी बनाने के लिए विभागीय प्रयासों की निरंतरता पर बल दिया।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा भी उपस्थित रहे। भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता का आकलन करना तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने