बलरामपुर -विजयादशमी (दशहरा) पर्व के सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने स्थानीय बड़ा परेड ग्राउंड का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मैदान की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल व अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता पर ध्यान देने और आयोजन स्थल को पूरी तरह व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति, आस्था एवं बुराई पर अच्छाई की विजय का महान प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक ढंग से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह, अधिशाषी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य, राजकुमार श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष रमेश पाहवा, सनातन धर्म सभा अध्यक्ष संजय शर्मा, जे.ई. जल धर्मेंद्र गौड़, गौरव मिश्रा तथा सफाई विभाग के अधिकारी व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know