बलरामपुर - शारदीय नवरात्रि एवं विजयादशमी (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने बलरामपुर नगर के प्रमुख मार्गों व बाजारों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान आमजन एवं व्यापारियों को सुरक्षा का अहसास कराते हुए शांति व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
​फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से बेहतर व्यवस्था के संबंध में सुझाव प्राप्त किए और सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों पर वार्ता की। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
*​ड्रोन, सीसीटीवी और साइबर सेल से होगी 24 घंटे निगरानी*
मीडिया से बातचीत में अधिकारियों ने बताया कि मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। प्रमुख स्थलों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जबकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक अफवाहें या भड़काऊ टिप्पणियां फैलाने वालों पर साइबर व सोशल मीडिया सेल निरंतर पैनी नजर रखेगा।
​इस फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात और प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
​                  

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने