जनपद बलरामपुर- विकास खण्ड तुलसीपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लैबुडवा के ग्राम गंजड़ी मैनहवा स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री गंजड़ी समय माता मंदिर पर आजादी के दशकों बाद भी बिजली की सुविधा न होने से स्थानीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंदिर परिसर में बुनियादी प्रकाश व्यवस्था न होने से आक्रोशित श्रद्धालुओं व ग्रामीणों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा शीघ्र बिजली कनेक्शन दिए जाने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रावस्ती लोकसभा के पूर्व सांसद प्रत्याशी व अधिवक्ता युगल किशोर शुक्ल ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर ऑनलाइन शिकायत (संदर्भ संख्या: 40018226023023) दर्ज कराई है। उन्होंने जिलाधिकारी बलरामपुर को पत्र भेजकर विद्युत समस्या का तत्काल स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।
सूर्य ढलते ही पसरता है अंधेरा, बना रहता है जंगली जानवरों का डर
शिकायत में कहा गया है कि गंजड़ी समय माता का मंदिर क्षेत्र का एक बेहद बहुचर्चित व आस्था का केंद्र है। यहाँ प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। नवरात्रि के पावन पर्व, दुर्गा पूजा, प्रतिमा विसर्जन, शादी-विवाह, मुंडन और रिंग सेरेमनी जैसे बड़े मांगलिक कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित होते रहते हैं।
हालाँकि, मंदिर परिसर व आसपास विद्युत आपूर्ति न होने के कारण सूर्य ढलते ही पूरा क्षेत्र घने अंधेरे में डूब जाता है। चूंकि यह क्षेत्र जंगल के निकट है, इसलिए अंधेरा होते ही श्रद्धालुओं और यहाँ रहने वाले लोगों पर हिंसक जंगली जानवरों के हमले का खतरा लगातार बना रहता है।
सौभाग्य योजना के बाद भी नहीं पहुँची बिजली, ट्रांसफार्मर व 6 पोल की आवश्यकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई 'सौभाग्य योजना' (फेज-1 व फेज-2) के बावजूद गंजड़ी मैनहवा गाँव के कई परिवारों और मंदिर को बिजली कनेक्शन से वंचित रखा गया है। विद्युत उपकेंद्र महराजगंज से आसपास के इलाकों में बिजली तो पहुंचती है, लेकिन समय माता मंदिर तक बिजली पहुँचाने के लिए कम से कम 6 बिजली पोल और एक ट्रांसफार्मर की अत्यंत आवश्यकता है।
अधिवक्ता युगल किशोर शुक्ल ने जिलाधिकारी बलरामपुर से मांग की है कि मंदिर के प्रबंधक ओम प्रकाश के नाम से तत्काल मंदिर परिसर हेतु विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किया जाए। इसके साथ ही स्थानीय निवासी ननके, शिवकुमार, राज कुमार आदि को भी शीघ्र घरेलू कनेक्शन प्रदान किए जाएं।
विरोध प्रदर्शन व प्रार्थना पत्र सौंपने के दौरान समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल, मंदिर प्रबंधक ओम प्रकाश, लैबुडवा ग्राम प्रधान राम केवल यादव, मैनहवा ग्राम प्रधान शिवकुमार, टेढ़ी प्राश ग्राम प्रधान राम निवास यादव, सत्येंद्र गुप्ता, अरुण कुमार दुबे, पंकज शुक्ल, बेचन लाल, बलराम, अशोक शुक्ल, बिपत, डेबा, उदय राज वर्मा समेत भारी संख्या में मंदिर के पुजारी, साधु-संत एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know