बलरामपुर-जिला कांग्रेस कमेटी, जनपद बलरामपुर के तत्वावधान में एवं जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा तथा निर्वाचन आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया आवश्यक है। कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक इन मुद्दों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव और मतदाता सूची से संबंधित किसी भी शिकायत का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने तथा SIR प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र जांच एवं समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मारकंडे मिश्र ने कहा कि मतदाता के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था लोकतंत्र की आधारशिला है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
विनय मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए, ताकि आम जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास कायम रहे।
उमाशंकर तिवारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की और निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग उठाई।
उक्त अवसर प्रमुख रूप से मौजूद  अवधेश पाल सिंह, अफरोज खान, अबरार अहमद, नंदलाल तिवारी, सियाराम प्रधान, प्रदीप शर्मा, दिलशाद खान, अनिल कुमार, अमेरिका प्रसाद, हबीब खान, इजहार, डॉ. खलीलुल्लाह, त्रिजुगी द्विवेदी, विश्वनाथ यादव, तुफैल खान, मोहम्मद जमील, विजय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने