बलरामपुर- 28 सितंबर 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद बलरामपुर में 29 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक विशेष आयुष्मान गोल्डन कार्ड अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में शिविर में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र गृहस्थी के लाभार्थियों, जीरो पॉवर्टी श्रेणी के परिवारों, बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तथा जिला चिकित्सालयों—महिला अस्पताल, जिला मेमोरियल अस्पताल एवं संयुक्त चिकित्सालय में आयुष्मान मित्रों द्वारा पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के माध्यम से भी कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
*कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज*
लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। पात्र लाभार्थी नजदीकी निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी एवं योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों में प्रति परिवार प्रति वर्ष ₹5 लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होती है। इसलिए कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि लक्षित श्रेणी के सभी पात्र लाभार्थी 29 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ प्राप्त करें।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                      बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने