बलरामपुर - जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने विकासखंड क्षेत्र के घुसाह स्थित कंपोजिट विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षिक स्तर की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कक्षा में पहुंचकर बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछे तथा उनकी पुस्तकों को देखकर पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं बच्चों को किताबें पढ़ाकर उनकी समझ एवं अध्ययन क्षमता को परखा। बच्चों से सहजता से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं,रुचियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया तथा बच्चों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पोषण,बच्चों की उपस्थिति तथा केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर पोषण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चन्द्र श्रीवास्तव,खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 
 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने