बलरामपुर- युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को एम एल के पी जी कॉलेज बलरामपुर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशा नहीं करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने जरूरी हैं। उन्होंने नशे को स्वास्थ्य और भविष्य के लिए नुकसानदायक बताते हुए विद्यार्थियों से इससे दूरी बनाए रखने की अपील की।
प्रो. विमल प्रकाश वर्मा ने कहा कि युवाओं को अपने समय और ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। इससे वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहेंगे शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार मौर्य ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत विद्यार्थियों से ही होनी चाहिए। लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि युवा समाज में बदलाव के वाहक हैं। उनके जागरूक होने से नशामुक्त समाज बनाने के प्रयास को मजबूती मिलेगी। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति समाज का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में डॉ अनिल पाण्डेय व कुमारी मनीषा तिवारी सहित छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know