अम्बेडकरनगर
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आज तहसील जलालपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, उप जिलाधिकारी जलालपुर, जिला विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने तहसील में आए फरियादियों की शिकायतें एक-एक कर सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 82 शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निस्तारण की गुणवत्ता और प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, नगर निकाय, चकबंदी समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनसामान्य से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील अकबरपुर में 107 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील टांडा में 46 में से 6, भीटी में 55 में से 5 तथा आलापुर में 107 में से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know