अम्बेडकर नगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर के वार्ड नंबर 13 के सभासद अजीत कुमार ने जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर को एक पत्र सौंपकर नगर पालिका जलालपुर के अंतर्गत विकास कार्यों में हो रही लापरवाही का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में एक भी काम ठीक से नहीं हो रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सभासद ने अपने पत्र में बताया कि कबीर मंदिर, मठिया मंदिर तथा रामजानकी मंदिर आदि के कॉरिडोर का सौंदर्यीकरण अभी तक नहीं हो पाया है। इस संबंध में पिछले तीन साल से लगातार प्रयास किया जा रहा है। आई.जी.आर.एस. तथा बोर्ड प्रस्ताव में भी मामला दर्ज कराया गया और समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुआ, लेकिन किसी की लापरवाही के कारण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जिस मोहल्ले में लाइट खराब है, वहां की लाइट अभी तक ठीक नहीं कराई गई। नगर पालिका यह कहकर टाल-मटोल कर रही है कि उसके पास लाइट उपलब्ध नहीं है। इस कारण आम जनता को त्योहार तक अंधेरे में गुजारने पड़े।

सभासद ने आरोप लगाया कि मोहल्लों में कभी मच्छर दवा तथा नालियों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों का भय बना रहता है। खुली नालियों पर अब तक पटिया नहीं रखवाई गई। नगर पालिका जलालपुर को 10 महीने से मुख्यमंत्री पोर्टल, 1076 आदि के माध्यम से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन नालियों को नहीं ढका गया।

उन्होंने कहा कि रामलीला शुरू होने वाली है, लेकिन रामलीला मैदान का निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया है। रामलीला मंच बनकर तैयार हुए एक साल हो गया और ठेकेदार का पेमेंट भी हो गया, लेकिन शिलापट अभी तक क्यों नहीं लगाया गया, यह गंभीर लापरवाही है। सभासद ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने