बलरामपुर- जनपद में वर्तमान में राप्ती नदी का जलस्तर वर्तमान में सामान्य है। दिनांक 02 सितम्बर 2026 को प्रातः 8:00 बजे राप्ती नदी का जलस्तर 102.700 मीटर दर्ज किया गया , जो खतरे के स्तर 104.620 मीटर से 1.920 मीटर नीचे है।जनपद में इस अवधि में 3.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
वर्तमान में राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के स्तर से काफी नीचे है तथा स्थिति सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव के साथ ही तटबंधों, तटवर्ती गांवों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली वर्षा तथा पहाड़ी नालों में अचानक बढ़ने वाले जलप्रवाह को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को सतर्क रखा गया है। संभावित बाढ़ एवं जलप्लावन की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
जनपद में 32 बाढ़ चौकियां एवं 19 बाढ़ शरणालय चिन्हित एवं तैयार हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए 32 मेडिकल टीमें तैयार रखी गई हैं। संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण करते हुए नदी, तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से संबंधित सूचनाओं एवं जलस्तर की नियमित समीक्षा की जा रही है। किसी भी संभावित परिस्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया है।
जिला प्रशासन बाढ़ राहत एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है तथा जनपद की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने