मुख्यमंत्री का जनपद गौतमबुद्धनगर भ्रमण

मुख्यमंत्री ने ‘यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026’ की तैयारियों की समीक्षा की

आयोजन की सफलता, सुरक्षा, व्यवस्थापन, विदेशी मेहमानों एवं आगन्तुकों की सुविधा तथा सभी विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध परम्परा, हुनर, स्थानीय उत्पादों एवं औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के साथ-साथ वोकल फॉर लोकल और मेक इन इण्डिया जैसे अभियानों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम : मुख्यमंत्री

यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा और पेयजल की व्यापक व्यवस्था करने की आवश्यकता पर बल

भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ और विदेशी भारतीय मिशनों के समन्वित प्रयासों से 72 देशों से लगभग 600 अन्तर्राष्ट्रीय खरीदारों के इस आयोजन में भाग लेने की सम्भावना

इस संस्करण के लिए 06 प्रमुख भागीदार देशों-जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस के साथ सक्रिय साझेदारी स्थापित की गई

यू0पी0आई0टी0एस0-2026 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अवध, बुन्देलखण्ड और ब्रज क्षेत्रों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए

आयोजन स्थल स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रहना चाहिए

प्रमुख स्थानों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं

प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाएं

नेटवर्क कनेक्टिविटी बढ़ाने और विश्वसनीय इण्टरनेट व वाई-फाई सेवाएँ सुनिश्चित करने के लिए टेलीकॉम कम्पनियों से सम्पर्क करने के निर्देश

भीड़ प्रबन्धन पर विशेष ध्यान दिया जाए

लखनऊ : 20 सितम्बर, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, गौतमबुद्धनगर के सभागार में प्रशासनिक, प्राधिकरण एवं पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी उत्तर प्रदेश इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026 (यू0पी0आई0टी0एस0-2026) की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन की सफलता, सुरक्षा, व्यवस्थापन, विदेशी मेहमानों एवं आगन्तुकों की सुविधा तथा सभी विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध परम्परा, हुनर, स्थानीय उत्पादों एवं औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के साथ-साथ वोकल फॉर लोकल और मेक इन इण्डिया जैसे अभियानों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस संस्करण के लिए अन्तर्राष्ट्रीय आउटरीच के बेहतरीन परिणाम सामने आए हैं, जिसके तहत 06 प्रमुख भागीदार देशों-जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस के साथ सक्रिय साझेदारी स्थापित की गई है। इन देशों के प्रतिनिधिमण्डल समर्पित प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्रों और संरचित बी2बी बैठकों के माध्यम से भाग लेंगे। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ और विदेशी भारतीय मिशनों के समन्वित प्रयासों से 72 देशों से लगभग 600 अन्तरराष्ट्रीय खरीदारों के इस आयोजन में भाग लेने की सम्भावना है। उन्होंने निर्देश दिये कि विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए उचित आवास की व्यवस्था की जाए। भाग लेने वाले देशों के उच्चायुक्तों के लिए सम्पर्क अधिकारी (लायजन ऑफिसर) नियुक्त किए जाएं और आगन्तुकों तथा प्रतिनिधियों की सहायता के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय एवं तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को वॉलण्टियर्स के रूप में तैनात किया जाए।
अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमण्डलों को केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल के साथ उचित रूप से जोड़ा जाना चाहिए। मंत्री, उद्योगों तथा व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच सार्थक बातचीत को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त बैठकें आयोजित की जाएं तथा प्रसिद्ध वक्ताओं के साथ नॉलेज सेशन संक्षिप्त और प्रभावशाली बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि टेक्निकल सेशन में उत्तर प्रदेश शासन के सम्बन्धित विभागों के मंत्रियों एवं अपर मुख्य सचिवों/प्रमुख सचिवों को अवश्य आमंत्रित किया जाए, ताकि महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय विचार-विमर्श एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित हो सके। नॉलेज सेशन में जनता की भागीदारी को भी प्रोत्साहित और सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि यू0पी0आई0टी0एस0-2026 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अवध, बुन्देलखण्ड और ब्रज क्षेत्रों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे यह आयोजन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता का एक सच्चा प्रतिनिधित्व बन सके। इस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं, जिनमें कथक नृत्य, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी और आल्हा लोक गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी ने आयोजन के दौरान सम्भावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा और पेयजल की व्यापक व्यवस्था करने की आवश्यकता पर बल दिया। तीनों सम्बन्धित प्राधिकरणों को स्वच्छता, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए परस्पर समन्वय बनाना होगा। आयोजन स्थल स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रहना चाहिए, जिसके प्रमुख स्थानों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं। उन्होंने सभी सरकारी विभागों को आगामी 23 सितम्बर तक अपने स्टॉल लगाने का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाने तथा अतिरिक्त टावर लगाकर नेटवर्क कनेक्टिविटी बढ़ाने और विश्वसनीय इण्टरनेट व वाई-फाई सेवाएँ सुनिश्चित करने के लिए टेलीकॉम कम्पनियों से सम्पर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबन्धन पर विशेष ध्यान दिया जाए और रील्स या सोशल मीडिया कन्टेण्ट बनाते समय आगन्तुकों को मर्यादा बनाए रखने व सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने सभी सम्बन्धित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों एवं दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के अन्दर अन्तिम रूप प्रदान करें। उन्होंने सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अव्यवस्था अथवा कमी न रह जाए। आयोजन की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, आवास, आगन्तुक सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के के लिए सम्बन्धित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
पुलिस आयुक्त तथा जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री जी को यू0पी0आई0टी0एस0-2026 के आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराया।
ज्ञातव्य है कि इस वर्ष की केन्द्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच’ से प्रेरित, यू0पी0आई0टी0एस0-2026 में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, सी0एम0 युवा, एम0एस0एम0ई0, इलेक्ट्रॉनिक्स और आई0टी0, रक्षा और एयरोस्पेस, कृषि और सम्बद्ध क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा और हेल्थकेयर, टेक्सटाइल और हथकरघा, टाउन ऑफ एक्सीलेंस एक्सपोर्ट्स, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट (क्रेडाई) तथा पर्यटन और संस्कृति जैसे प्रमुख विकास चालकों का व्यापक प्रदर्शन होगा। मजबूत औद्योगिक गति का प्रदर्शन करते हुए भूतल और द्वितीय तल के हॉलों में 36,500 वर्गमीटर प्रदर्शनी स्थान पहले ही बुक किया जा चुका है, जिसमें भाग लेने वाले औद्योगिक विकास प्राधिकरणों और कॉर्पोरेट संस्थाओं के लिए पूर्ण ले-आउट को अन्तिम रूप दे दिया गया है, जो उत्तर प्रदेश की क्षमता के वैश्विक प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवसर पर एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र चौधरी, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------

--

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने