बलरामपुर- जनपद में वर्तमान में बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है तथा सभी क्षेत्रों में हालात पूरी तरह सामान्य बने हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा राप्ती नदी के जलस्तर एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
राप्ती नदी का जलस्तर 101.770 मीटर दर्ज किया गया। यह नदी के निर्धारित खतरे के निशान 104.620 मीटर से 2.85 मीटर नीचे है। नदी सामान्य प्रवाह में बह रही है तथा जनपद में कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जनपद बलरामपुर में 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। वर्तमान समय में हुई यह वर्षा धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभकारी है। वर्षा से खेतों में आवश्यक नमी बनी हुई है, जिससे धान एवं अन्य फसलों की वृद्धि को सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन, पंचायती राज एवं अन्य संबंधित विभागों को नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर निरंतर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत 19 बाढ़ शरणालय एवं 32 बाढ़ चौकियां चिन्हित हैं। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए 32 मेडिकल टीमें तथा पशुधन की सुरक्षा एवं उपचार के लिए पशुपालन विभाग की 32 टीमें तैयार रखी गई हैं।
जिला अस्पताल सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश एवं कुत्ते के काटने की स्थिति में आवश्यक इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी समन्वय तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम भी सक्रिय है।
जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा जिला प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और दिशा-निर्देशों पर ही भरोसा करें। वर्तमान में जनपद में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है और प्रशासन किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know