बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की हर घर जल योजना के अंतर्गत संचालित निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा परियोजनाओं की प्रगति, जलापूर्ति की स्थिति, सोलराइजेशन की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं में तेजी लाते हुए जलापूर्ति प्रारंभ कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है अथवा अंतिम चरण में है उन्हें तत्काल संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पेयजल परियोजनियों को SCADA (Supervisory Control and Data Acquisition) प्रणाली से संचालित किया जाए, जिससे प्रत्येक योजना की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जाना आवश्यक है।
 SCADA एक उन्नत डिजिटल निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली है, जिसके माध्यम से पेयजल परियोजनाओं के पंप, मोटर, ओवरहेड टैंक, जलाशय, पाइपलाइन, जलदाब (प्रेशर), जल प्रवाह (फ्लो), जल स्तर, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की 24×7 ऑनलाइन निगरानी की जा सकती है। इस प्रणाली से किसी भी तकनीकी खराबी, मोटर बंद होने, जलापूर्ति बाधित होने या विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल प्राप्त हो जाती है, जिससे समयबद्ध मरम्मत एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित होता है। साथ ही प्रत्येक योजना का संचालन डेटा डिजिटल रूप से उपलब्ध रहने से उसकी कार्यक्षमता एवं प्रदर्शन की सतत समीक्षा भी की जा सकती है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं में सड़क अथवा मार्ग खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई है, वहां मार्ग पुनर्स्थापना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा ब्लॉकवार निर्माण कार्यों की प्रगति, अधिष्ठापित सोलर आधारित योजनाओं की स्थिति, जलापूर्ति प्रारंभ की गई योजनाओं, मार्ग पुनर्स्थापना तथा लंबित कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा करते हुए अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने तथा नियमित फील्ड मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्थाएं समन्वय के साथ कार्य करें तथा समयबद्ध रूप से सभी परियोजनाओं को पूर्ण कर संचालित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी  हिमांशु गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जल जीवन मिशन से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने