*कांवड़ यात्रा की तैयारियों की ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर विकास विभाग की समीक्षा की*
*श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
*प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और निर्बाध बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर*
*क्षेत्र में सक्रिय रहें अधिकारी, अतिरिक्त प्रभार लेकर अनुपस्थित रहने वालों से वापस लिया जाए चार्ज*
*वॉटर लॉगिंग और खुले मैनहोल पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई*
*कांवड़ मार्गों पर हर व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश*
लखनऊ, 6 अगस्त 2026
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रदेशभर में की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
समीक्षा के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने कांवड़ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, रेस्ट कैंप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कहा कि जिन अधिशासी अधिकारियों के पास अतिरिक्त प्रभार हैं और जो संबंधित क्षेत्रों में उपस्थित नहीं रहते, उनसे तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त चार्ज वापस लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में सक्रिय रहना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है।
वर्षाकाल को देखते हुए मंत्री श्री शर्मा ने जलभराव, वॉटर लॉगिंग, नालों की सफाई एवं उनकी सतत मॉनिटरिंग के संबंध में भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और सभी नगर निकाय पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।बैठक में मंत्री श्री शर्मा ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि यदि कहीं भी खुला मेनहोल पाया गया अथवा उसके कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री पी गुरु प्रसाद, सचिव/ निदेशक श्री अनुज कुमार झा, श्री रविंद्र कुमार, श्रीमती सुहास एल वाई सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।

.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know