मुख्यमंत्री ने घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन हेतु विमुक्त एवं घुमन्तू
समाज द्वारा आयोजित आभार एवं अभिनन्दन कार्यक्रम को सम्बोधित किया

प्रधानमंत्री जी का सबका साथ-सबका विकास मंत्र समाज के प्रत्येक तबके के उत्थान का
कारण बना, घुमन्तू विकास बोर्ड उत्थान की इसी कहानी की नई कड़ी का नाम : मुख्यमंत्री

डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के विज़न के अनुरूप घुमन्तू एवं विमुक्त
जातियों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार प्रदान करेगी

अंग्रेजों ने इन जातियों को क्रिमिनल ट्राइब इसलिए घोषित
किया, क्योंकि इन्होंने अंग्रेजों का जीना मुश्किल कर दिया था

इन जातियों ने सन् 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजों की चूलें हिला
दीं, भारत की आजादी के लिए बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके लड़ाई लड़ी

स्वतंत्र भारत में बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर ने क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट-1871 को
समाप्त किया, वर्ष 1952 में विमुक्त जाति के रूप में घोषित करते हुए इन जातियों को सम्मान दिया

सरकार श्रमिकों, स्ट्रीट वेण्डरों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा विमुक्त एवं घुमन्तू समाज
सहित प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रही

जनता केवल वोट बैंक का माध्यम नहीं, बल्कि वह जनार्दन
भी है, सरकार ने जनता को जनार्दन के रूप में हमेशा सम्मान दिया

विगत 09 वर्षों से डबल इंजन सरकार उ0प्र0 में इन
जातियों के विकास के लिए निरन्तर कार्य कर रही

सरकार ने थारू, चेरो, बुक्सा, कोल, सहरिया आदि जातियों के लोगों को शासन की योजनाओं जैसे राशन कार्ड, जमीन के पट्टे, आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली कनेक्शन, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन आदि सुविधाओं का लाभ प्रदान किया

विमुक्त जातियों को अब कोई क्रिमिनल ट्राइब नहीं कह सकता,
इन विमुक्त जातियों के लोग भारत के स्वाधीनता संग्राम सेनानी

घुमन्तू विकास बोर्ड इन सभी जातियों को चिन्हित कर इन्हें सभी योजनाओं
से लाभान्वित करते हुए, उनके जीवन स्तर को उठाने का प्रयास करेगा


लखनऊ : 06 अगस्त, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशवासियों से कहा था कि बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक तबके को दिया जाएगा। उनका सबका साथ-सबका विकास का मंत्र आज समाज के प्रत्येक तबके के उत्थान का कारण बना है। घुमन्तू विकास बोर्ड उत्थान की इसी कहानी की नई कड़ी का नाम है। डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के विज़न के अनुरूप घुमन्तू एवं विमुक्त जातियों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार प्रदान करेगी। अब उन्हें दर-दर की ठोकरें खाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। हम सभी मिलकर समाज की मुख्यधारा के साथ जुड़कर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री जी आज यहां घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन हेतु विमुक्त एवं घुमन्तू समाज द्वारा आयोजित आभार एवं अभिनन्दन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में घुमन्तू जातियांं को अंग्रेजों ने अपराधिक श्रेणी में रखकर क्रिमिनल ट्राइब्स के रूप में वर्ष 1871 में अधिसूचित कर दिया था। अंग्रेजों ने इन जातियों को क्रिमिनल ट्राइब इसलिए घोषित किया, क्योंकि इन्होंने अंग्रेजों का जीना मुश्किल कर दिया था।
इन्होंने सन् 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं। यह जातियां भारत की आजादी के लिए बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके लड़ाई लड़ रही थी। अंग्रेजों को एहसास होने लगा कि वह अब बहुत दिनों तक भारत में शासन नहीं कर पाएंगे। अंग्रेजों ने सन् 1857 के स्वातंत्र्य समर में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से भागीदार जातियों को चिन्हित करना प्रारम्भ कर दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सत्य, सत्य होता है। यदि सोना मिट्टी में मिल जाए, तो उसका सोनापन खराब नहीं होता। यदि कुछ पल के लिए सूर्य के सामने बादल आ जाए, तो सूर्य की ऊष्मा के सामने बहुत देर तक वह टिक नहीं पाते। स्वतंत्र भारत में बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर जी ने क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट-1871 को समाप्त किया तथा वर्ष 1952 में इन्हें देश में विमुक्त जाति के रूप में घोषित करते हुए सम्मान दिया। अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ी जातियों के लोग विमुक्त जाति के रूप में आज भी समाज में अपना योगदान दे रहे हैं। इनके विकास और उत्थान के लिए जो कार्य प्रारम्भ से होने चाहिए थे, वह नहीं हो पाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी ने इन जातियों के लिए एक आयोग का गठन किया। गत वर्ष जब मुख्यमंत्री जी को घुमन्तू जाति सम्मेलन में सम्मिलित होने का अवसर मिला था, तो उन्होंने प्रदेश में घुमन्तू विकास बोर्ड का गठन करने की घोषणा की थी। अब घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। विगत 12 वर्षों से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार सम्पूर्ण देश तथा विगत 09 वर्षों से डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश में इन जातियों के विकास के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। इसके अन्तर्गत इन जातियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ जोड़ा गया है।
पहली बार वनटांगिया गांव को राजस्व गांव के रूप में मान्यता दी गई। हजारों की संख्या में लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया। पहले मुसहर जाति के लोगों का कोई पुरसाहाल नहीं था। डबल इंजन सरकार द्वारा उन्हें सभी प्रकार की सुविधाओं से युक्त करने का कार्य किया गया। थारू, गोंड, चेरो, बुक्सा, कोल, सहरिया आदि जातियों के लोगों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया गया है। उन्हें राशन कार्ड जमीन के पट्टे, आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली कनेक्शन, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, निराश्रित, वृद्धावस्था तथा दिव्यांगजन पेंशन आदि सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारे लिए जनता केवल वोट बैंक का माध्यम नहीं, बल्कि वह जनार्दन भी है। सरकार ने जनता को जनार्दन के रूप में हमेशा सम्मान दिया है। भारतीय लोकतंत्र में बिना भेदभाव प्रत्येक जनता को शासन की सुविधा का लाभ मिलना चाहिए। इसलिए वनटांगिया, मुसहर, कोल, बक्ुसा, सहरिया, गोंड, थारू, चेरो सहित अन्य जातियों का उत्थान करते हुए उन्हें सेचुरेशन के लक्ष्य तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। आज का यह कार्यक्रम उसी श्रृंखला का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम के साथ गले मिलते हुए निषादराज की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गयी है। यह प्रतिमा सैकड़ों किलोमीटर दूर से दिखाई देती है। महाराज सुहेलदेव का विजय स्मारक बहराइच में बनकर तैयार है। बलरामपुर के इमलिया कोडर में ट्राइबल म्यूजियम बन गया है। इसी प्रकार मीरजापुर और सोनभद्र में भी तैयारी चल रही है। महाराज सुहेलदेव के नाम पर आजमगढ़ में विश्वविद्यालय तथा बहराइच में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। बदायूँ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पुलिस बटालियन का गठन किया गया है। बांदा मेडिकल कॉलेज महारानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है। पहले कोई नहीं सोचता था कि यह सभी कार्य सम्भव होंगे, लेकिन आज सम्भव हुए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार ने घुमन्तू जातियों के साथ-साथ अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के बच्चों के लिए आश्रम पद्धति विद्यालय प्रारम्भ किये हैं। इन विद्यालयों में बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षा प्रदान की जाती है। यहां उनके लिए लॉजिंग-फूडिंग की निःशुल्क व्यवस्था है। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय प्रारम्भ किए गए हैं। इन विद्यालयों के माध्यम से बच्चों अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। सरकार श्रमिकों, स्ट्रीट वेण्डरों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा विमुक्त एवं घुमन्तू समाज सहित प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विमुक्त जातियों को अब कोई क्रिमिनल ट्राइब नहीं कह सकता। यह विमुक्त जातियां भारत के स्वाधीनता संग्राम सेनानी है। स्वाधीनता संग्राम सेनानी होने के नाते उन्हें जो सम्मान प्राप्त होना चाहिए था, डबल इंजन सरकार विमुक्त जातियों को सम्मान देने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। सपेरा समुदाय के लोग गोरखनाथ जी के अनुयायी हैं। प्राचीन काल में यह लोग विदेशी हमलों के समय लोगों को सतर्क करते थे। प्रदेश सरकार इनके पुनर्वास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संकल्पित होकर कार्य करेगी। साथ ही, घुमन्तू एवं विमुक्त जाति के लोगों को बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि घुमन्तू विकास बोर्ड इन सभी जातियों को चिन्हित कर उन्हें सेचुरेशन के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। उन्हें सभी योजनाओं से लाभान्वित करते हुए उनके जीवन स्तर को उठाने का प्रयास करेगा। घुमन्तू विकास बोर्ड शीघ्र कार्य करना प्रारम्भ करेगा। इसके कार्यरूप एवं गठन के स्वरूप में थोड़ा परिर्वतन किया जाएगा। हमारा प्रयास होना चाहिए कि गठन में प्रत्येक जाति का प्रतिनिधित्व रहे।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने घुमन्तू विकास बोर्ड का गठन कर विकासरूपी नहर बनाने का कार्य किया है। इस विकासरूपी नहर के माध्यम से घुमन्तू एवं विमुक्त समाज के लोगों को विभिन्न जनकल्याकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। राजस्व विभाग के माध्यम से कृषि तथा आवासीय पट्टा मिलेगा। विकास की नहर के ज़रिए प्रवाह बहुत तेज़ी से आगे बढ़ेगा। विकास के लिए तीन कुंजियां आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र तथा आय प्रमाण पत्र चाहिए। इसके माध्यम से तीव्र गारण्टी के साथ विकास की नहर आपके पास आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपने एक-एक पल घुमन्तू समाज के विकास की चिंता की है। अब यह समाज घुमन्तू नही,ं बल्कि टिकन्तू अर्थात टिककर रहना चाहती है। यह लोग उस समाज के प्रतिनिधि हैं, जिसने भारत माँ की लाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। उस समय बहुत लोगों ने हथियार डाल दिए, लेकिन इस समाज ने कभी हथियार नहीं डाले।
कार्यक्रम में घुमन्तू तथा विमुक्त समाज के लोगों ने घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन हेतु मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने अपनी भावनांए व्यक्त करते हुए इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि आज सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आवास, शौचालय, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि बुनियादी सुविधाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रही है। इस बोर्ड के माध्यम से उनका समग्र विकास होगा।  
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव गोंड, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री बैजनाथ रावत, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री जीत सिंह खरवार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
-----------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने