जनपद बलरामपुर- सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन का ‘वन डे विशेष अभियान’ चलाया गया।
अभियान की खास बात यह रही कि जनपद की तीनों तहसीलों में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक एक साथ प्रमुख चौराहों एवं आवागमन वाले स्थानों पर जागरूकता एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने तथा स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया।
विशेष अभियान के तहत वीर विनय चौराहा, फुलवरिया बायपास चौराहा, सेखुईया चौराहा, कलश चौराहा तुलसीपुर, आसम चौराहा उतरौला सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की गई।
जागरूकता के साथ प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान 263 वाहनों का चालान किया गया तथा एक वाहन को निरुद्ध किया गया। विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल ₹3 लाख 32 हजार का जुर्माना लगाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान का प्रमुख उद्देश्य केवल प्रवर्तन की कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित करना है। वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
*स्कूल वाहन चालकों की आंखों की जांच, सुरक्षित छात्र परिवहन की दिशा में विशेष पहल*
सड़क सुरक्षा अभियान को और व्यापक बनाते हुए जनपद के स्कूल वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में किया गया।
शिविर में डॉ. महेश गुप्ता द्वारा 76 स्कूल वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। वाहन चालकों की दृष्टि की जांच कर उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
स्कूल वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों का आवागमन होता है। ऐसे में वाहन चालकों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के साथ उनकी दृष्टि का बेहतर होना सुरक्षित छात्र परिवहन की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी उद्देश्य से स्कूल वाहन चालकों का विशेष नेत्र परीक्षण कर सड़क सुरक्षा अभियान को स्वास्थ्य सुरक्षा से भी जोड़ा गया।
जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता, प्रवर्तन और वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण को एक साथ जोड़ते हुए किए गए इस विशेष प्रयास का उद्देश्य जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक वाहन चालक को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने