जनपद बलरामपुर- आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित एवं ताजा मिष्ठान तथा अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 अगस्त 2026 को खाद्य सचल दल द्वारा विभिन्न बाजारों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए मिष्ठान एवं खोया के नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सचल दल द्वारा मथुरा बाजार में कार्रवाई करते हुए छेना मिठाई एवं खोया का नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर लगभग दो कुंतल छेना मिठाई उपभोग योग्य नहीं पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया, ताकि इसकी बिक्री एवं उपभोग को रोका जा सके।
इसके उपरांत टीम द्वारा प्राणपुर में खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर खोया का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं शिवपुर बाजार में जांच के दौरान छेना मिठाई एवं पेड़ा के नमूने लिए गए। यहां लगभग एक कुंतल रंगीन छेना मिठाई उपभोग योग्य नहीं पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराई गई।
इस प्रकार अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित करने के साथ ही मथुरा बाजार एवं शिवपुर बाजार में कुल लगभग तीन कुंतल अखाद्य छेना मिठाई नष्ट कराई गई। संग्रहित नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान मिष्ठान, खोया एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। बासी, मिलावटी, दूषित अथवा उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिससे आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know