बलरामपुर - जनपद में आमजन से जुड़ी सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में एसडीएम सदर मनोज कुमार द्वारा सराहनीय कार्य करते हुए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 752 लंबित आवेदनों का निस्तारण किया गया है। विशेष बात यह है कि उन्होंने एडीएम का प्रभार संभालने के महज 10 दिनों के भीतर बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान की है।
एसडीएम सदर मनोज कुमार द्वारा प्रभार ग्रहण करने के बाद जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों को प्राथमिकता पर लेते हुए उनकी नियमित समीक्षा की गई। संबंधित स्तरों पर आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। परिणामस्वरूप कम समय में कुल 752 लंबित आवेदन निस्तारित किए गए।
निस्तारित आवेदनों में विकास खंड बलरामपुर के सर्वाधिक 630 आवेदन, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के 112 आवेदन तथा विकास खंड हरैया सतघरवा के 10 आवेदन शामिल हैं। बड़ी संख्या में लंबित आवेदनों के निस्तारण से संबंधित परिवारों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आ रही परेशानी से राहत मिली है।
*डिजिटल व्यवस्था बनी प्रभावी निस्तारण का आधार*
बताते चलें कि पूर्व जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से अभिनव पहल की गई थी। जन्म–मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 (संशोधित–2023) के अंतर्गत 01 से 31 दिवस, 31 दिवस से 01 वर्ष तथा 01 वर्ष से अधिक अवधि से संबंधित प्रकरणों के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप स्पष्ट एवं समयसीमा-बद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।
प्रमाण पत्र निर्गमन की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए इसे RCCMS पोर्टल के माध्यम से डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया। इसी व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करते हुए एसडीएम सदर श्री मनोज कुमार द्वारा लंबित आवेदनों की समीक्षा एवं त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। डिजिटल प्रक्रिया के कारण प्रकरणों की स्थिति की निगरानी, लंबित मामलों की पहचान तथा उनके समयबद्ध निस्तारण को गति मिली है।
*त्वरित निस्तारण से सुशासन को मिला बल*
एसडीएम सदर मनोज कुमार द्वारा कम समय में बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाना प्रशासनिक तत्परता एवं जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान का सकारात्मक उदाहरण है। उनके द्वारा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा तथा डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग से 752 आवेदकों एवं उनके परिवारों को सीधे राहत मिली है।
*डीएम ने की सराहना*
जिलाधिकारी द्वारा एसडीएम सदर मनोज कुमार द्वारा कम समय में बड़ी संख्या में लंबित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के प्रकरणों का निस्तारण किए जाने की सराहना की गई।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि आमजन से संबंधित प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में अनावश्यक विलंब न हो तथा नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। ऑनलाइन एवं पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए जनसेवाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know