मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से आगरा में युवाओं के स्वावलंबन और स्वरोजगार की नई उड़ान

दिनांक: 07 जुलाई, 2026
       
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान‘ (डल्न्ट।) राज्य के शिक्षित और कुशल युवाओं के लिए एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार प्रदाता के रूप में विकसित करना है। इसके तहत प्रदेश सरकार युवाओं को अपने नए उद्यम, स्टार्ट-अप या सूक्ष्म उद्योग शुरू करने के लिए बेहद आसान शर्तों पर वित्तीय सहायता और संसाधन उपलब्ध करा रही है, जिससे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक परिदृश्य को जमीनी स्तर पर एक नई मजबूती मिल रही है।
यह अभियान उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर‘ की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को गति देने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में छोटे-छोटे उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं, जिससे युवाओं का पलायन थमा है और स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है। इसी कड़ी में आगरा जनपद में इस योजना का क्रियान्वयन अत्यंत प्रभावी ढंग से हो रहा है, जहां जिला प्रशासन और स्थानीय बैंक शाखाओं के सक्रिय सहयोग से युवाओं के सपने तेजी से साकार हो रहे हैं।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी विशिष्ट वित्तीय संरचना है, जो नए उद्यमियों के लिए शुरुआती जोखिम को काफी कम कर देती है। इसके अंतर्गत युवाओं को उद्योग और सेवा क्षेत्र में अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि युवाओं को अपनी पूंजी के लिए साहूकारों या बैंकों की जटिल और महंगी ब्याज दरों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा।
योग्य लाभार्थियों को योजना की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस योजना के माध्यम से प्रतिवर्ष एक लाख युवाओं को सीधे लाभान्वित करना है, जिससे आने वाले समय में राज्य के भीतर लाखों नए सूक्ष्म और लघु उद्योगों का जाल बिछाया जा सके। योजना के तहत पात्रता के लिए आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच, शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 8वीं पास और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री होना अनिवार्य है।
आगरा जनपद में इस दूरदर्शी योजना के जमीनी स्तर पर सफल क्रियान्वयन और इसके सकारात्मक प्रभाव का एक उत्कृष्ट उदाहरण गोकुलपुरा निवासी श्री कृष्णा यादव हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के कारण उनके लिए स्वयं का उद्योग स्थापित करना आसान नहीं था। वे हमेशा अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना देखते थे, लेकिन पूंजी की कमी उनके मार्ग में सबसे बड़ी बाधा थी। इसी दौरान उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। उन्होंने योजना का अध्ययन किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए केनरा बैंक, सिकंदरा-बोदला रोड शाखा, आगरा से 5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण और योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त किया।
इस वित्तीय सहायता से कृष्णा यादव ने कार्डबोर्ड उद्योग की स्थापना की। शुरुआत में बाजार की प्रतिस्पर्धा और उत्पादन प्रबंधन जैसी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उनकी लगातार मेहनत और गुणवत्ता ने उनके व्यवसाय को सफलता की राह पर आगे बढ़ाया। आज उनकी इकाई सुचारु रूप से संचालित हो रही है और उन्होंने अपने साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।
इसी तरह आगरा के ही खातीपाड़ा, लोहमंडी के निवासी श्री परवीन अली ने भी इस योजना का लाभ उठाकर अपने सपनों को नई उड़ान दी है। वे लंबे समय से स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने की इच्छा रखते थे, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण उनका सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत आवेदन करने पर उनकी पात्रता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा, आगरा शाखा द्वारा 5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण और सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया।
प्राप्त वित्तीय सहायता से परवीन अली ने कारपेट उद्योग से संबंधित अपना व्यवसाय प्रारंभ किया। आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रबंधन के साथ उन्होंने अपने कार्य को आगे बढ़ाया और आज उनकी इकाई सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने व्यवसाय के माध्यम से उन्होंने 4 अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है, जिससे उन परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी व्यापक सुधार आया है।
आगरा जनपद में योजना की शानदार सफलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा युवाओं के स्वरोजगार और स्टार्टअप के सपनों को तेजी से साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष में प्राप्त लक्ष्यों के सापेक्ष जनपद में शत-प्रतिशत ऋण वितरण सुनिश्चित किया गया है। युवा उद्यमियों को और अधिक बढ़ावा देने के लिए प्रशासन द्वारा तय लक्ष्यों में और अधिक वृद्धि करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इस कल्याणकारी योजना का लाभ मिल सके।
वित्तीय सहायता के साथ-साथ यह अभियान युवाओं की व्यावसायिक क्षमता को निखारने पर भी पूरा ध्यान केंद्रित करता है। ऋण प्राप्त करने के लिए कौशल प्रशिक्षण की अनिवार्यता यह सुनिश्चित करती है कि जो भी उद्यम शुरू हो, वह बाजार की व्यावहारिक समझ के साथ आगे बढ़े। डिजिटल साक्षरता और आधुनिक व्यापारिक तौर-तरीकों को बढ़ावा देने के लिए भी इसमें विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पाद वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने न केवल युवाओं के सपनों को पंख दिए हैं, बल्कि प्रदेश को देश के एक प्रमुख स्टार्टअप और उद्यमशीलता केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ठोस नींव रख दी है। बिना गारंटी का यह ब्याज मुक्त ऋण युवाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सम्मानजनक जीवन जीने की राह दिखा रहा है। सरकारी सहायता, जिला प्रशासन के मार्गदर्शन, बैंक अधिकारियों के सहयोग और युवाओं के दृढ़ संकल्प के बल पर आज प्रदेश का युवा वर्ग स्वावलंबन की नई इबारत लिख रहा है।
-----------------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने