बलरामपुर- पर्यावरण संरक्षण और नगर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से आदर्श नगरपालिका परिषद के सभागार में अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह "धीरू" की अध्यक्षता में सभासदों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र में बृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के वर्चुअल बैठक के माध्यम से दिए गए निर्देशों के क्रम में लिया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह "धीरू" ने नगरवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक नागरिकों को नगरपालिका के पानी टंकी परिसर से नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपने घरों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए,बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत पौधों की बेहतर देखभाल कर उन्हें सुरक्षित एवं जीवित रखने वाले नागरिकों को आगामी 30 जून को नगरपालिका स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
डॉ.धीरू ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने सामाजिक संगठनों,शिक्षण संस्थानों,स्वयंसेवी संस्थाओं,व्यापारियों,युवाओं एवं महिलाओं से इस जनअभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि नगरवासियों के सहयोग से यह अभियान सफल होगा और बलरामपुर को स्वच्छ,हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल नगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य,डीपी सिंह बैस,सभासद सुभाष पाठक,राघवेंद्र कान्त सिंह "मंटू",सुशील साहू "बंटी",सिद्धार्थ साहू "बंटी",सोनू साहू,विनोद गिरी,आनंद किशोर,मनोज यादव,मनीष तिवारी,अक्षय शुक्ला,शुभम चौधरी,सुनीता मिश्रा,मो.कुमैल,शमीम,शमशाद,नंदलाल तिवारी, कर निरीक्षक राजेश कुमार,जेई (सिविल) अविनाश यादव,जेई (जल) धर्मेंद्र गौड़ सहित नगरपालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                      बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने