मुख्यमंत्री ने जनपद प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

बिहार लोक सेवा आयोग की बी0पी0एस0सी0 परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतापगढ़ की सुश्री श्रद्धा पाण्डेय को आई-पैड देकर सम्मानित किया

प्रतापगढ़ की धरा का पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व, पौराणिक काल से लेकर आधुनिक काल तक अपनी समृद्ध आध्यात्मिक परम्परा के लिए जग विख्यात : मुख्यमंत्री

विकास की गति प्रतापगढ़ को प्रगति के पथ पर निरन्तर अग्रसर करेगी, प्रतापगढ़ की प्रगति से उ0प्र0 की प्रगति होगी, उ0प्र0 की प्रगति
प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगी

प्रतापगढ़ के अन्नदाता किसानों, बागवानों तथा पूर्वजों ने आंवले का उत्पादन कर अमृत फल दिया, यह जनपद दुनिया में आंवले की औषधीय मिठास बिखेर रहा

जब कोई जनप्रतिनिधि जनता के लिए समर्पित होकर विकास योजनाओं धरातल पर उतारता, तो जनता के जीवन में व्यापक परिवर्तन आता

इन्फ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत और गति जितनी तेज होगी, प्रगति उतनी ही आगे बढ़ती दिखाई देगी, यही प्रगति आपकी समृद्धि का आधार होगी

डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रत्येक जनपद में समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरन्तर प्रयास किया

प्रतापगढ़ में बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा विकसित की जा रही, गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से प्रतापगढ़ की दूरी को प्रयागराज तथा पश्चिमी उ0प्र0 से और कम किया गया

शिक्षक, शिक्षा मित्रों तथा अनुदेशकों को प्रत्येक वर्ष 05 लाख रु0 तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा को कल से लागू करने जा रहे

प्रदेश सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज दिया, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना देकर परम्परागत उद्यम की ब्राण्डिंग एवं पैकेजिंग कर मार्केट के साथ जोड़ा

आज की अयोध्या प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप प्रभु श्रीराम के समय की अयोध्या का स्मरण करा रही


लखनऊ : 07 जुलाई, 2026


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रतापगढ़ की धरा का पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। जब भी धर्म और राष्ट्र पर संकट आया, तो प्रतापगढ़ ने शान्तिमय अध्यात्म का अनुसरण करके लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। प्रतापगढ़ विषम परिस्थितियों में कभी-भी पीछे नहीं रहा। सन् 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में प्रतापगढ़ की धरती से बाबू गुलाम सिंह जी ने शंखनाद किया था। यहां के रणबाँकुरों ने विदेशी हुकूमत की जड़ों को उखाड़ने का काम किया था। जनपद प्रतापगढ़ की धरा अत्यन्त उर्वरा है। यह भूमि पौराणिक काल से लेकर आधुनिक काल तक अपनी समृद्ध आध्यात्मिक परम्परा के लिए जग विख्यात है। इतनी समृद्ध परम्परा के साथ जुड़कर प्रतापगढ़ दुनिया में आंवले की औषधीय मिठास बिखेर रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें प्रतापगढ़ तथा विश्वनाथगंज विधान सभा क्षेत्रों की 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 228 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 56 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट आदि प्रदान किए। उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित बी0पी0एस0सी0 परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जनपद प्रतापगढ़ की सुश्री श्रद्धा पाण्डेय को आई-पैड देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद प्रतापगढ़ माँ बेल्हा भवानी, माँ चन्द्रिका देवी, बाबा घुश्मेश्वर नाथ, बाबा भयहरणनाथ की पावन धरा है। यह पूज्य संत जगद्गुरु करपात्री जी महाराज एवं जगद्गुरु कृपालु जी महाराज, संविधान सभा सदस्य पं0 मुनिश्वर दत्त उपाध्याय, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबू लाल गौर तथा सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री हरिवंश राय बच्चन की पावन जन्मभूमि है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि समाज स्वावलम्बन के पथ पर अग्रसर हो जाए, तो इससे बढ़कर दूसरी बात नहीं हो सकती। प्रतापगढ़ स्वावलम्बन का उदाहरण है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ को प्रारम्भ किया, लेकिन प्रतापगढ़ के अन्नदाता किसानों, बागवानों तथा पूर्वजों ने पहले से भी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए आंवले का उत्पादन कर अमृत फल दिया। इस अमृत फल से बनने वाले उत्पादों जैसे मुरब्बा, चटनी, अचार आदि जो भी खाएगा, उसके लिए फायदेमन्द होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब कोई जनप्रतिनिधि जनता के लिए समर्पित होकर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारता है, तो जनता के जीवन में व्यापक परिवर्तन आता है। आज प्रतापगढ़ इसका उदाहरण है। जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से जनपद का विकास सम्भव हुआ है। वर्ष 2017 से पूर्व मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना एक सपना था। आज प्रतापगढ़ में डॉ0 सोनेलाल पटेल जी के नाम पर भव्य मेडिकल कॉलेज है। इसके अलावा, आज जनपद को एक नर्सिंग कॉलेज की सौगात मिली है। अब यहां की बेटियां इसी कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर देश और दुनिया में अपनी सेवाओं के माध्यम से आरोग्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने में अग्रसर होंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत और गति जितनी तेज होगी, प्रगति उतनी ही आगे बढ़ती दिखाई देगी। यही प्रगति आपकी समृद्धि का आधार होगी। डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रत्येक जनपद में समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरन्तर प्रयास किया है। आज प्रतापगढ़ में माँ बेल्हा भवानी मन्दिर एवं माँ चन्द्रिका देवी मन्दिर के सौन्दर्यीकरण कार्यां तथा जगद्गुरु स्वामी करपात्री जी महाराज से जुड़े स्थलों के पुनरुद्धार कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रतापगढ़ में बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा विकसित की जा रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से प्रतापगढ़ की दूरी को प्रयागराज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से और कम किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रतापगढ़ आज से 9-10 वर्ष पहले पिछड़े जनपदों में गिना जाता था। प्रतापगढ़ में कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाएं, सड़कें तथा आवागमन के साधन नहीं थे। नौजवान पलायन तथा अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर थे। बहन-बेटी तथा व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। गरीब तथा किसान की सुनवाई नहीं होती थी। कारीगर बेरोजगार था। युवा के लिए नौकरी और रोजगार नदारत था। यहां का आंवला दम तोड़ रहा था। कहीं पर भी किसी के लिए आशा की किरण नहीं दिखाई दे रही थी। लोग हतोत्साहित थे। लेकिन आज कोई व्यक्ति हतोत्साहित नहीं है। सरकार का प्रोत्साहन उनके साथ है। लोगों के मन में उत्साह तथा उज्ज्वल भविष्य की बेहतर आशा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया। लेकिन हमारी सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज दिया। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना देकर परम्परागत उद्यमों की ब्राण्डिंग एवं पैकेजिंग कर मार्केट के साथ जोड़ा। प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों, अन्नदाता किसानों के उत्पादों का ज्यादा दाम दिलाने के लिए उसे दुनिया के बाजारों तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ-सबका विकास की बात कही थी। आज गरीबों को बिना भेदभाव जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रदेश में 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन की सुविधा तथा 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। 70 वर्ष के प्रत्येक वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक को निःशुल्क 05 लाख रुपये प्रतिवर्ष स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रत्येक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज व डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा, यदि कोई गरीब व बीमार व्यक्ति उपचार नहीं करा पा रहा है, तो जनप्रतिनिधि, महानुभाव तथा गरीब व्यक्ति के माध्यम से प्राप्त पत्र पर तत्काल उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से पैसा उपलब्ध कराया जाता है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर तथा शौचालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 65 लाख गरीबों को निःशुल्क आवास उपलब्ध कराये गये हैं। यह सुविधाएं गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने, उनके जीवन में खुशहाली लाने तथा उनके बच्चों को सम्मानजनक ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रदान की जा रही हैं, ताकि वह प्रदेश की समृद्धि के माध्यम से भारत की प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सरकारी भर्तियों में प्रतापगढ़ के युवाओं को भी नियुक्ति पत्र प्राप्त होता है। वर्ष 2017 के पहले यह एक सपना था। उत्तर प्रदेश पुलिस की 60 हजार भर्तियों में प्रतापगढ़ के सैकड़ों बच्चे भर्ती हुए हैं। उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग व उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग के परिणाम में प्रतापगढ़ के युवा का नाम भी आ रहा है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश का युवा होनहार होने के बावजूद इन नौकरियों से वंचित रहता था। जब युवा नौकरियों से वंचित होगा, तो वह पलायन करेगा। ऐसी स्थिति में प्रदेश की दुर्गति तय थी। इसीलिए तो उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य हो गया था। प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब प्रदेश में डबल इंजन सरकार आयी, तो अपनी कार्यशैली से उसी तंत्र के माध्यम से प्रत्येक गरीब को उनका हक दिलाया। आज प्रदेश का नागरिक कहीं भी जाता है, वहां उसका सम्मान किया जाता है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहतर होने के कारण महिलाएं तथा व्यापारी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रत्येक नौजवान का रोजगार पर अधिकार है। प्रत्येक अन्नदाता किसान को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। डबल इंजन सरकार ने अन्नदाता किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा निजी ट्यूबवेल को निःशुल्क बिजली की सुविधा उपलब्ध करायी है। अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए प्रोक्योरमेन्ट सेन्टर खोले गये है। डबल इंजन सरकार कॉमन सर्विस सेन्टर के माध्यम से लोकल उत्पादों को पहचान दिलाने की व्यवस्था कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं को अपना रोजगार प्रारम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 05 लाख रुपये का ब्याज व गारण्टी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन बच्चों के अभिभावक नहीं रहे, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के माध्यम से उन बच्चों को 4000 रुपये प्रत्येक माह उपलब्ध कराया जाता हैं। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनाये गये हैं। जब गरीब के बच्चे पढ़ेंगे, लिखेंगे तो वह प्रगति करेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से राज्य सरकार ने अनेक सुविधाएं उपलब्ध करायी हैं। इन विद्यालयों में अच्छी फ्लोरिंग, स्मार्ट क्लासेज, डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया है। वहां फर्नीचर उपलब्ध कराया गया हैं। पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था प्रदान की गयी है। सरकार प्रत्येक बच्चे को दो यूनिफॉर्म, बैग, बुक्स, जूते-मोजे, स्वेटर भी दे रही है। शिक्षक पूरी तन्मयता के साथ बच्चों को पढ़ा सके, इसके लिए शिक्षा मित्रों तथा अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की गयी है। शिक्षक, शिक्षा मित्रों तथा अनुदेशकों को प्रत्येक वर्ष 05 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा को कल से ही लागू करने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारने के लिए इण्डोर स्टेडियम व ग्रामीण स्टेडियम बनाये जा रहे हैं। आवागमन को सुगम बनाने के लिए फ्लाई ओवर, पुल, बाईपास, 02-लेन व 04-लेन सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। बहन-बेटी को सम्मानजनक जीवन यापन करने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। प्रत्येक तबके को विकास योजना के साथ जोड़ना ही डबल इंजन सरकार की पहचान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज की अयोध्या प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप प्रभु श्रीराम के समय की अयोध्या का स्मरण करा रही है। नई अयोध्या में 04 लेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी है। रेलवे की ब्रॉड गेज की डबल लाइन की सुविधा है। अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट है। निषाद राज के नाम पर रैन बसेरा तथा माता शबरी के नाम पर भोजनालय का निर्माण कराया गया है। आज की अयोध्या दुनिया के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी ओर आकर्षित करती है।
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने उत्तर प्रदेश सरकार से एस0आई0टी0 के गठन की बात की थी। एस0आई0टी0 दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी। एस0आई0टी0 की जांच की प्रारम्भिक रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने कार्रवाई करते हुए एफ0आई0आर0 दर्ज करायी। श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट मन्दिर की व्यवस्था का संचालन कर रहा है। ट्रस्ट के कार्य में किसी का हस्तक्षेप नहीं है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जो भी विकास सम्बन्धी प्रस्ताव उनके पास आते हैं, उन पर द्रुत गति से कार्य होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की गति प्रतापगढ़ को प्रगति के पथ पर निरन्तर अग्रसर करेगी और प्रतापगढ़ की प्रगति से उत्तर प्रदेश की प्रगति होगी। उत्तर प्रदेश की प्रगति प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगी। विकसित भारत की संकल्पना भारत के लगभग 140 करोड़ भारतवासियों के चेहरे पर खुशहाली लाएगी। प्रतापगढ़ विकास की इस यात्रा में विरासत के साथ समन्वय करते हुए निरन्तर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह, सांसद श्री अमरपाल मौर्य, विधान परिषद सदस्य श्री उमेश द्विवेदी, विधायक श्री राजेन्द्र कुमार मौर्य, श्री जीत लाल पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने