जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक (एसआई) और हेड कांस्टेबल स्कूली छात्र को बचाने के प्रयास में सड़क हादसे का शिकार हो गए। दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मालीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक त्रिलोकी नाथ एवं हेड कांस्टेबल मोहम्मद रसूल किछौछा क्षेत्र में ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से वापस मालीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान मगुराडिला चौराहे से कुछ ही दूरी पहले अचानक सड़क पर एक स्कूली छात्र आ गया। छात्र को सुरक्षित बचाने के प्रयास में चालक ने बाइक का संतुलन बनाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने बिना देर किए डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी एवं मालीपुर थाने के पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि पुलिसकर्मी छात्र को बचाने का प्रयास नहीं करते तो बड़ा हादसा हो सकता था। दोनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर छात्र को सुरक्षित बचाने की कोशिश की, हालांकि इस दौरान वे स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने पुलिसकर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने