मुख्यमंत्री ने वाराणसी में विकास कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था
तथा आगामी श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा की
जनपद में गतिमान महत्वाकांक्षी परियोजनाओं
को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने के निर्देश
एकीकृत मण्डलीय कार्यालय का निर्माण 18 माह में
पूर्ण कराए जाने का हर सम्भव प्रयास किया जाए : मुख्यमंत्री
रोप-वे के कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करें
शहर में अण्डरग्राउण्ड केबलिंग कार्य से पहले अन्तर्विभागीय बैठकें
अवश्य की जाएं, सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य समय से पूर्ण किया जाए
निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के कार्यों में तेजी लायी जाए
वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारी सुनिश्चित की जाए
आई0जी0आर0एस0, सी0एम0 हेल्प लाइन आदि माध्यमों से प्राप्त होने
वाली शिकायतों का मेरिट के आधार पर निस्तारण किया जाए
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों को
दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था किये जाने के निर्देश
श्रद्धालुओं को साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, खोया-पाया केंद्र, स्वास्थ्य
एवं आपदा प्रबंध तथा निःशुल्क लॉकर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहें
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन विद्युत सब-स्टेशन, चौकाघाट
का स्थलीय निरीक्षण किया, सभी कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने श्री काल भैरव मंदिर एवं
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया
लखनऊ : 07 जुलाई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद वाराणसी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति एवं कानून व्यवस्था तथा आगामी श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा की तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद में गतिमान महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकीकृत मण्डलीय कार्यालय का निर्माण 18 माह में पूर्ण कराए जाने का हर सम्भव प्रयास किया जाए। रोप-वे के कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा वितरित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल पाइप लाइन बिछाये जाने के दौरान खोदी गई सड़कों का साथ-साथ मरम्मत कार्य भी अवश्य कराया जाय। शहर में अण्डरग्राउण्ड केबलिंग कार्य से पहले अन्तर्विभागीय बैठकें अवश्य की जाएं और सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने शहर में पेयजल एवं सीवर पाइप लाइन बिछाये जाने के दौरान रोड कटिंग के रेस्टोरेशन के कार्यों को साथ ही साथ कराए जाने पर विशेष जोर दिया। गंगा जी में छोटी नावों का नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण कराकर नाविकों को लाइफ जैकेट जैसी अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही टाउनशिप आनंद काशी, रुद्र काशी, काशी स्पोर्ट्स सिटी के आवश्यक कार्यों को समय से कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के कार्यों में तेजी लायी जाए। वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने बॉर्डर एरिया में पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरतने, पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक 06 माह पर पुलिस कार्मिकों की ड्यूटी बदलने के निर्देश दिये। आई0जी0आर0एस0, सी0एम0 हेल्प लाइन आदि माध्यमों से प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों का मेरिट के आधार पर निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों को दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान मैदागिन से गोदौलिया तक की जाने वाली बैरिकेडिंग से स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उक्त मार्ग पर पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
श्रावण मास के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करें। परिवहन विभाग व रेलवे के मध्य बेहतर समन्वय रहे, ताकि भीड़ प्रबन्धन बेहतर ढंग से किया जा सके। श्रद्धालुओं को साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, खोया-पाया केंद्र, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंध तथा निःशुल्क लॉकर जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहें।
मुख्यमंत्री जी ने गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर से सावधानी बरतने, लाइफ़ जैकेट का प्रयोग, सी0सी0टी0वी0 से लगातार मॉनिटरिंग करने, जल पुलिस को लगातार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मैदागिन से गोदौलिया के बीच बैरिकेड्स को दुरुस्त करें ताकि किसी भी श्रद्धालु के पैर में चोट न लगे तथा जर्जर भवनों के पास बैरिकेड्स लगाने में सावधानी बरती जाए। श्रावण मास में पूरे महीने भीड़ होगी जिसके दृष्टिगत बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिर व्यवस्था में लगे कार्मिकों की ड्यूटी में नियमित रूप से बदलाव होता रहे। उन्होंने फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, उचित व्यवहार करने तथा विजिलेंट रहने के निर्देश दिए। होटल, रेस्तरां तथा बस स्टैण्डों पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से किसी भी हाल में मनमाना शुल्क न वसूला जाए।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री जी ने निर्माणाधीन विद्युत सब-स्टेशन, चौकाघाट का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने श्री काल भैरव मंदिर एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री श्री राकेश सचान, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--------

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know