मुख्यमंत्री ने रिपब्लिक भारत द्वारा आयोजित ‘ऊँचाइयों पर उत्तर प्रदेश’ कॉन्क्लेव को सम्बोधित किया

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उ0प्र0 ने अपनी पहचान बदलते हुए देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाया : मुख्यमंत्री

सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध, आज उ0प्र0 विकास, सुशासन और निवेश का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा

वर्ष 2026-27 में प्रदेश का वार्षिक बजट लगभग 09 लाख करोड़ रु0, जी0एस0डी0पी0 लगभग 36 लाख करोड़ रु0

उ0प्र0 देश में सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे नेटवर्क वाला राज्य बन चुका

कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार उ0प्र0 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक, आज उ0प्र0 दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और सुरक्षित प्रदेश के रूप में स्थापित

उ0प्र0 को लगभग 50 लाख करोड़ रु0 के निवेश प्रस्ताव प्राप्त, 15 लाख करोड़ रु0 से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउण्ड ब्रेकिंग की जा चुकी

प्रदेश के पारम्परिक उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया, वर्तमान में प्रदेश के 79 उत्पादों को जी0आई0 टैग प्राप्त

ओ0डी0ओ0पी0 एवं एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र से जुड़े उत्पादों का 02 लाख करोड़ रु0 से अधिक का निर्यात किया जा रहा

24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध

प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अब तक 09 लाख से अधिक सरकारी नौकरियाँ प्रदान कीं
 
श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में हुई चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, इसके लिए ट्रस्ट के अनुरोध पर प्रदेश सरकार ने एस0आई0टी0 गठित की, एस0आई0टी0 जाँच कर कार्यवाही कर रही


लखनऊ : 14 जुलाई, 2026 :: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विगत 09 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान बदलते हुए देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि जो कार्य कभी उत्तर प्रदेश में असम्भव माने जाते थे, उन्हें सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति, सुशासन और जनभागीदारी के बल पर सम्भव कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहाँ रिपब्लिक भारत द्वारा आयोजित ‘ऊँचाइयों पर उत्तर प्रदेश’ कॉन्क्लेव को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश की पहचान पिछड़ेपन, अव्यवस्था, दंगों, कर्फ्यू, गुण्डागर्दी, बेरोजगारी और असुरक्षा से जुड़ी हुई थी। प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था, किसानों की स्थिति दयनीय थी तथा निवेश और उद्योग का वातावरण समाप्त हो चुका था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के समय प्रदेश की वित्तीय स्थिति अत्यन्त चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन सरकार ने जनविश्वास, पारदर्शिता और दृढ़ प्रशासनिक इच्छाशक्ति के बल पर परिस्थितियों को बदला।
मुख्यमंत्री जी  ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमार नहीं था, बल्कि वह मानसिकता बीमार थी जिसने वर्षों तक प्रदेश को विकास से वंचित रखा। आज वही उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और निवेश का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा है। वर्ष 2017 में प्रदेश का वार्षिक बजट लगभग 03 लाख करोड़ रुपये था, जबकि वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर लगभग 09 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसी प्रकार प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जी0एस0डी0पी0) वर्ष 2016-17 के लगभग 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर
1.20 लाख रुपये से अधिक हो गई है। महिला कार्यबल की भागीदारी लगभग 12 प्रतिशत से बढ़कर 37-38 प्रतिशत से अधिक हुई है तथा बेरोजगारी दर लगभग 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत से कम रह गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे नेटवर्क वाला राज्य बन चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे सहित अनेक परियोजनाएँ प्रदेश की नई पहचान बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इण्टरस्टेट एवं जिला मुख्यालयों की 4-लेन कनेक्टिविटी, देश का पहला इनलैण्ड वॉटर-वे तथा पहली रैपिड रेल, वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन हेतु रोपवे, सर्वाधिक हवाई अड्डे, सर्वाधिक शहरों में मेट्रो सेवा और विशाल रेलवे नेटवर्क उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना को नई ऊँचाई प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और अपराध की घटनाओं से प्रभावित रहता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और सुरक्षित प्रदेश के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होने के कारण ही प्रदेश निवेश का सबसे बड़ा केन्द्र बन पाया है।
मुख्यमंत्री जी ने निवेश के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में जहाँ निवेश की सम्भावनाओं पर भी संदेह व्यक्त किया जाता था, वहीं आज उत्तर प्रदेश को लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउण्ड ब्रेकिंग की जा चुकी है तथा इनसे लगभग 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होने की दिशा में कार्य हो रहा है।
सरकार ने परम्परागत उद्योगों को नई पहचान देने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओ0डी0ओ0पी0) योजना प्रारम्भ की। लखनऊ की चिकनकारी, फिरोजाबाद का काँच उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, मेरठ का खेल उद्योग, भदोही की कालीन, वाराणसी की साड़ी सहित प्रदेश के पारम्परिक उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में प्रदेश के 79 उत्पादों को जी0आई0 टैग प्राप्त हो चुका है। लगभग 96 लाख एम0एस0एम0ई0 इकाइयाँ प्रदेश में कार्यरत हैं तथा सवा तीन करोड़ से अधिक लोगों को इससे रोजगार मिला है। ओ0डी0ओ0पी0 एवं एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र से जुड़े उत्पादों का 02 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को लाभकारी बनाने के लिए सरकार ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। वर्ष 2017 के बाद से अब तक किसानों के खातों में 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है। प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं तथा उत्तर प्रदेश गन्ना, चीनी एवं एथेनॉल उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि 122 में से 105 चीनी मिलें एक सप्ताह के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार ने सिंचाई के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए हैं। पिछले 09 वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बाणसागर परियोजना, अर्जुन सहायक परियोजना, सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना, मध्य गंगा नहर परियोजना सहित दशकों से लम्बित योजनाओं को पूरा कर किसानों को लाभ पहुँचाया गया है। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए प्रतिदिन लगभग 10 घण्टे विद्युत आपूर्ति तथा फसलों की खरीद हेतु व्यापक खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अब तक 09 लाख से अधिक सरकारी नौकरियाँ प्रदान की हैं। इनमें अकेले उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.25 लाख से अधिक भर्तियाँ की गई हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जहाँ प्रदेश पुलिस में लगभग 10 हजार महिला कार्मिक थीं, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 45 हजार हो चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 16 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को निःशुल्क राशन योजना का लाभ मिल रहा है। 1.06 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को निराश्रित महिला, वृद्धावस्था एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत 25 लाख से अधिक बालिकाएँ, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत 05 लाख से अधिक माताएँ तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से 06 लाख से अधिक कन्याएँ लाभान्वित हुई हैं। अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बिना भेदभाव छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जा रहा है तथा भ्रष्टाचार एवं बिचौलिया व्यवस्था पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में हुई चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, इसके लिए ट्रस्ट के अनुरोध पर प्रदेश सरकार ने एस0आई0टी0 गठित की है।  यह एस0आई0टी0 जाँच कर कार्यवाही कर रही है तथा ट्रस्ट ने भी कार्यवाही प्रारम्भ की है और नैतिक आधार पर इस्तीफे भी दिए गए हैं। किन्तु इस मामले में प्रश्न उठाने वाले लोग अपने गिरेबान में झाँक कर देखें कि उनके समय में जनता के पैसे पर कैसे डकैती डाली जाती थी। माफियाओं को प्रश्रय मिलता था। शासन की योजनाओं का लाभ गिने-चुने लोगों को मिलता था। आज वह लोग हिन्दू धर्म की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं। जबकि उनके राज में पवित्र हनुमानगढ़ी मन्दिर के बाहर नमाज पढ़वाने का कार्य किया गया था। लोग ऐसे लोगों की मानसिकता को भली-भांति समझ रहे हैं। जिनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि नहीं है, वह मुद्दों को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। देश की अस्मिता और आस्था पर आघात करने का निरन्तर कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों से हमें सजग रहना होगा।
प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी देश की पिछड़ी अर्थव्यवस्थाओं में गिने जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक योगदान देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि, उद्योग, रोजगार एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में नई उपलब्धियाँ हासिल करते हुए देश की प्रगति का प्रमुख आधार बनेगा।

--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने