जलालपुर, अंबेडकर नगर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जलालपुर ब्लॉक परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश देना था। रैली में जलालपुर क्षेत्र के पाँच प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नोडल अधिकारी तकदीश फातिमा ने की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को ब्लॉक परिसर से रवाना किया। रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री, जहाँ छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियाँ हाथों में लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरस्पीड से बचने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए।
रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) जलालपुर, अमर गांधी बालिका इंटर कॉलेज, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, जफरिया नेशनल इंटर कॉलेज तथा मिर्ज़ा ग़ालिब इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएँ शामिल रहे। सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से रैली निकालकर नगरवासियों का ध्यान सड़क सुरक्षा के महत्व की ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर जीजीआईसी की प्रधानाचार्या आशा वर्मा, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लक्ष्मी चंद्र, जफरिया नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जहीर हसन, अमर गांधी बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या मुमताज, बृजेश चौहान, शशिकांत सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी तकदीश फातिमा ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक संदेश पहुँचता है और बच्चों के माध्यम से परिवारों तथा आम नागरिकों में भी यातायात नियमों के पालन की भावना मज़बूत होती है। उन्होंने सभी लोगों से सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने