मुख्यमंत्री ने जनपद जालौन में उरई, माधौगढ़ एवं कालपी विधान सभा क्षेत्रों की 1,274 करोड़ रु0 लागत की 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
जालौन और कालपी अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध, यह धरती महर्षि वेदव्यास की जन्मस्थली तथा ऋषि जलवान की तपोभूमि रही : मुख्यमंत्री
कालपी का हस्तनिर्मित कागज तथा यहां की विश्वविख्यात मटर इस जनपद को विशिष्ट पहचान प्रदान करते
कालपी के हस्तनिर्मित कागज को जी0आई0 टैग प्राप्त होने से यह उत्पाद वैश्विक पहचान बना चुका, यह कागज कनाडा, आस्ट्रेलिया, अमेरिका, जर्मनी, जापान आदि देशों तक पहुंच रहा
भगवान श्रीकृष्ण के पौत्र साम्ब द्वारा निर्मित प्राचीन सूर्य मन्दिर इस क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता, कौंच की रामलीला ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त किया
आज बुन्देलखण्ड देश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीडा के रूप में विकसित हो रहा, लगभग 56,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही फ्यूचर रेडी औद्योगिक टाउनशिप से जालौन और पूरे बुन्देलखण्ड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे जनपद जालौन को नई पहचान दिला रहा, बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह क्षेत्र अब बीहड़ या दस्यु क्षेत्र नहीं, बल्कि दर्शन क्षेत्र बन गया
देश का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड क्षेत्र में विकसित किया जा रहा, लगभग 550 मेगावॉट सौर ऊर्जा उत्पादन की दिशा में कार्य हो रहा, जिससे एक लाख घरों में परिवारों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने का केन्द्र बन रहा
झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे का कार्य प्रारम्भ हो चुका, जिससे बुन्देलखण्ड और बीडा क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी, इससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी
जालौन में औद्योगिक मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रगति पर
रंगोली ग्राम पंचायत जनपद जालौन की पहली ग्राम पंचायत, जिसने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त कर प्रत्येक व्यक्ति को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया
प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप जनपद में लगभग 400 अमृत सरोवर विकसित किए गए तथा गौ संरक्षण और अन्य विकास कार्यों को भी गति प्रदान की जा रही
विगत 12 वर्षां में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना, प्रधानमंत्री स्टैण्डअप, डिजिटल इण्डिया तथा अन्य अनेक योजनाओं ने देश के युवाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया
आज उ0प्र0 का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा और देश-दुनिया में अपनी नई पहचान बना रहा
जालौन सहित बुन्देलखण्ड क्षेत्र में अनेक नई विकास परियोजनाएं संचालित की जा रहीं, जिनसे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे पर तेजी के साथ काम चल रहा
लखनऊ : 25 जुलाई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आदि शक्ति मां भगवती जालौन माता एवं बैरागढ़ की शारदा माता के श्रीचरणों में नमन करते हुए कहा कि जालौन और कालपी अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध हैं। यह धरती महर्षि वेदव्यास की जन्मस्थली तथा ऋषि जलवान की तपोभूमि रही है। आज महर्षि वेदव्यास की पावन धरा जालौन को नमन करने के लिए प्रत्येक भारतवासी लालायित दिखाई देता है। यह महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे एवं नाना साहब पेशवा की समरभूमि के रूप में भी जानी जाती है। कालपी का हस्तनिर्मित कागज तथा यहां की विश्वविख्यात मटर इस जनपद को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद जालौन में उरई, माधौगढ़ एवं कालपी विधान सभा क्षेत्रों की 1,274 करोड़ रुपये लागत की 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 216 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 158 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, टूलकिट, प्रतीकात्मक चेक, चाभी, आयुष्मान कार्ड आदि वितरित किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद जालौन की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह पावन धरा वीरता, परिश्रम, आत्मसम्मान, राष्ट्रभक्ति तथा बुन्देलखण्ड की गौरवशाली परम्परा से जुड़ी है। इतिहास इस क्षेत्र की गौरवगाथा का साक्षी रहा है। महर्षि वेदव्यास की जन्मस्थली है। भगवान श्रीकृष्ण के पौत्र साम्ब द्वारा निर्मित प्राचीन सूर्य मन्दिर इस क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है। कौंच की रामलीला ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यमुना और बेतवा नदियों का संगम और पहुज की त्रिवेणी ने इस क्षेत्र को नई पहचान दी है। आज जनपद जालौन विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। जनपद ने अपनी पारम्परिक पहचान को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। ’वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से हस्तनिर्मित कागज तथा यहां की मटर को भी विशिष्ट पहचान प्राप्त हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज बुन्देलखण्ड देश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीडा के रूप में विकसित हो रहा है। लगभग 56,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही फ्यूचर रेडी औद्योगिक टाउनशिप से जालौन और पूरे बुन्देलखण्ड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उसकी कनेक्टिविटी में जालौन की महत्वपूर्ण भूमिका है। जालौन से 04-लेन की कनेक्टिविटी हम वहां दे रहे हैं। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे जनपद जालौन को नई पहचान दिला रही है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह क्षेत्र अब बीहड़ या दस्यु क्षेत्र नहीं, बल्कि दर्शन क्षेत्र बन गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड अपनी नई पहचान के साथ निरन्तर आगे बढ़ रहा है। आज उन्हें उरई, माधौगढ़ एवं कालपी विधानसभा क्षेत्रों से सम्बन्धित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का अवसर प्राप्त हुआ है। जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से जनपद को अनेक विकास योजनाएं प्राप्त हुई हैं। इन परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का अवसर मिलना जनपद के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज बुन्देलखण्ड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। जालौन इस परिवर्तन का प्रमुख केन्द्र बनकर उभर रहा है।
एक समय बुन्देलखण्ड सूखा, बीहड़ और असुरक्षा की पहचान बन गया था। सूर्यास्त के बाद आवागमन प्रभावित हो जाता था तथा लोगों में भय का वातावरण रहता था। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बीहड़ के अन्धेरे को एक ओर करते हुए विकास की रोशनी में बुन्देलखण्ड जगमगा रहा है तथा जालौन उसके प्रवेश द्वार के रूप में स्थापित हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। लगभग 550 मेगावॉट सौर ऊर्जा उत्पादन की दिशा में कार्य हो रहा है, जिससे एक लाख घरों में परिवारों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने का केन्द्र बन रहा है। झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे का कार्य भी प्रारम्भ हो चुका है, जिससे बुन्देलखण्ड और बीडा क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। इससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जालौन में औद्योगिक मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रगति पर है। सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है जिससे निवेश बढ़े, उद्योग स्थापित हों तथा बुन्देलखण्ड और जालौन के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। कालपी के हस्तनिर्मित कागज को जी0आई0 टैग प्राप्त होने से यह उत्पाद वैश्विक पहचान बना चुका है। यह कागज कनाडा, आस्ट्रेलिया, अमेरिका, जर्मनी, जापान आदि देशों तक पहुंच रहा है। इसी प्रकार नून नदी के पुनरुद्धार कार्य की भी व्यापक सराहना हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप जनपद में लगभग 400 अमृत सरोवर विकसित किए गए हैं तथा गौ संरक्षण और अन्य विकास कार्यों को भी गति प्रदान की जा रही है। इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी को फोर-लेन के साथ जोड़ा जा रहा है। रंगोली ग्राम पंचायत जनपद जालौन की पहली ग्राम पंचायत है, जिसने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त कर प्रत्येक व्यक्ति को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोहन-माधौगढ़ से मध्य प्रदेश सीमा तक जिला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, बंगर-जगम्मनपुर मार्ग, रामपुरा-निनावली-नरौल-राठौर- रनपुरा होते हुए मध्य प्रदेश सीमा तक दो लेन सड़क निर्माण, एट-बंगर-बीकेपुर सम्पर्क मार्ग तथा कालपी-मदारीपुर सम्पर्क मार्ग सहित अनेक सड़क परियोजनाओं का कार्य पूरा किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 1,100 करोड़ रुपये लागत से नगर पालिका परिषद उरई की पेयजल परियोजना सहित विभिन्न ग्रामीण पेयजल योजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। सरकार का लक्ष्य विकास की मूलभूत सुविधाओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार ने पूर्व में यह संकल्प लिया था कि प्रदेश को डकैतों और माफियाओं से मुक्त कराया जाएगा। इसी क्रम में संगठित अपराध एवं माफिया तंत्र के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। गुण्डों एवं माफियाओं की 600 करोड़ रुपये से अधिक की सम्पत्ति जब्त की गयी है। संगठित अपराध में लिप्त तथा अन्य अपराध से अर्जित सम्पत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। कानून के अनुसार दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। नकल माफिया की कमर तोड़ी जाएगी तथा उनकी सम्पत्ति जब्त की जाएंगी। यदि कोई छात्रों के जीवन और भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, तो उसके विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के लिए 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तथा 10 करोड़ रुपये के आर्थिक दण्ड का भी प्राविधान किया जाएगा। प्रधानमंत्री जी के कड़े कदम का परिणाम है कि पिछले 48 घण्टे में नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई है। नीट परीक्षा पेपर लीक में संलिप्त 47 अधिकारियों को एक साथ बर्खास्त किया गया है। उनकी सम्पत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी प्रारम्भ हो गयी है। यह सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 12 वर्षां में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना, प्रधानमंत्री स्टैण्डअप, डिजिटल इण्डिया तथा अन्य अनेक योजनाओं ने देश के युवाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। प्रधानमंत्री जी स्वयं युवाओं के साथ निरन्तर संवाद करते हैं। प्रधानमंत्री जी ने रात्रि 12 बजे स्वयं अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वीडियो बनाकर युवाओं के नाम सन्देश दिया है। उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता प्रधानमंत्री जी के इन प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और देश-दुनिया में अपनी नई पहचान बना रहा है। पहले युवाओं की पहचान पर संकट था, जबकि आज उन्हें योग्यता और प्रतिभा के आधार पर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। प्रदेश सरकार ने विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला एवं पात्र नागरिकों तक पहुंचाया है। राशन, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। पहले सरकारी नौकरियों एवं योजनाओं में पारदर्शिता का अभाव था, जबकि आज विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जनपद के विकास को निरन्तर गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। पहले ऐसी स्थिति थी जब अनेक परिवार अपनी बेटियों को स्थानीय स्तर पर विद्यालय भेजने में संकोच करते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश की बेटियां सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और बिना भय के विद्यालय आ-जा रही हैं। महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में व्यापारी सुरक्षित वातावरण में अपने व्यापारिक कार्य कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण नागरिकों का विश्वास बढ़ा है तथा विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक बिना भय के अपने दैनिक कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाता था। आज पात्र वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं तथा दिव्यांगजनों को 12,000 वर्षिक पेंशन का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में डी0बी0टी0 के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। आज एक क्लिक के माध्यम से 01 करोड़ 06 लाख लाभार्थियों के बैंक खाते में उनका पैसा पहुंच जाता है। बीच में कोई दलाली नहीं होती है। यही डिजिटल इण्डिया की क्रान्ति है। डिजिटल इण्डिया अभियान के कारण योजनाओं में पारदर्शिता आयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहे हैं और प्रदेश में निवेश का वातावरण सुदृढ़ हुआ है। प्रदेश सरकार ने भू-माफिया, सैण्ड माफिया, लैण्ड माफिया, वन माफिया, कैटल माफिया तथा अन्य संगठित अपराध से जुड़े तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। इससे प्रदेश में सुशासन तथा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण विकसित हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश अमृतकाल की विकास यात्रा पर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जालौन सहित बुन्देलखण्ड क्षेत्र में अनेक नई विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे पर तेजी के साथ काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र में सिंचाई, आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास तथा ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। अर्जुन सहायक परियोजना, रतौली बांध, भावनी बांध, कचनौदा बांध तथा अन्य सिंचाई परियोजनाएं क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। डिफेन्स कॉरिडोर झांसी में बन रहा है। प्रदेश सरकार डेटा सेन्टर क्लस्टर स्थापित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, जो आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इन्टेलिजेन्स आधारित विकास को नई गति प्रदान करेगा। यू0पी0 एग्रीज योजना में जालौन सहित बुन्देलखण्ड के सभी जनपदों को लिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें यहां की महिला शक्ति पूरा विश्वास है। बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर के माध्यम से यहां की माताओं-बहनों ने महिला सामर्थ्य का परिचय दिया है। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। जनपद में 351.23 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज द्वितीय के अन्तर्गत 400 के0वी0 उपकेन्द्र महेवा एवं सम्बन्धित लाइन का निर्माण, 49.37 करोड़ रुपये की लागत से राठ-कालपी-मदारीपुर मार्ग के विभिन्न भागों का सुदृढ़ीकरण कार्य तथा मेडिकल कॉलेज में 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लॉक, उरई पुलिस लाइन में आवासीय भवनों, कुठौंद से जालौन देवी मन्दिर वाया शेखपुर अहीर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य सहित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। साथ ही, 88 करोड़ रुपये की लागत से नगर पालिका परिषद कालपी की पेयजल परियोजना, मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, 43 करोड़ रुपये की लागत से उरई से इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण सहित अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद को अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्राप्त हुई हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए इसी प्रकार निरन्तर प्रयास करते रहें। जालौन के जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विकास सम्बन्धी प्रस्तावों पर प्रदेश सरकार गम्भीरता से कार्य करेगी। बिजली आपूर्ति सुदृढ़ करने, कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने तथा जनपद की अन्य आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग से जालौन विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पारदर्शी व्यवस्था के कारण प्रदेश के लगभग 09 लाख युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। प्रदेश सरकार जालौन सहित पूरे बुन्देलखण्ड के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री श्री संजय सिंह गंगवार, विधान परिषद सदस्य डॉ0 बाबू लाल तिवारी, श्रीमती रमा निरंजन, विधायक श्री मूल चन्द्र सिंह, श्री विनोद चतुर्वेदी, श्री गौरी शंकर वर्मा (कोरी), उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------
--

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know