मुख्यमंत्री ने जनपद आगरा में आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण एवं
आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्रों की 342 करोड़ रु0 से अधिक
लागत की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

प्रदेश सरकार आगरा को स्मार्ट, सेफ एवं
फ्यूचर रेडी सिटी के रूप मे आगे बढ़ा रही : मुख्यमंत्री

राज्य सरकार आगरा में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ा चुकी

आगरा का ब्रज भूमि क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ टूरिज़्म के
एक नये केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा, यहाँ की कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया

आगरा में इण्टरनेशनल पोटैटो सेण्टर के क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना से यहाँ के
किसानों के उत्पादों को वैल्यू एडिशन मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी

आगरा के विकास से जुड़े प्रस्तावों को राज्य सरकार
द्वारा प्राथमिकता पर स्वीकृति प्रदान की जाती

प्रदेश सरकार ने ग्रेटर आगरा के लिए 5,200 करोड़ रु0 से अधिक
लागत की 10 टाउनशिप निर्माण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की

आगरा-ग्वालियर रोड पर 1,500 करोड़ रु0 की
लागत से अटलपुरम टाउनशिप योजना विकसित की जा रही

प्रदेश सरकार ओ0डी0ओ0पी0 एवं ओ0डी0ओ0सी0 जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही

आगरा को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का महत्वपूर्ण केन्द्र बनाया जा रहा

छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर भव्य संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा,
उनके आगरा प्रवास से जुड़े ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण का कार्य किया जाएगा

बटेश्वर धाम, कैलाश मन्दिर, गुरु का ताल, गीत गोविन्द वाटिका,
श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पैतृक भूमि बटेश्वर के साथ-साथ
फतेहपुर सीकरी, शौरीपुर जैन तीर्थ के विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा
 
राज्य सरकार ने आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में
500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बिना रुके, बिना डिगे,
बिना थके, बिना भेदभाव गाँव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान सहित
समाज के प्रत्येक तबके के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही

देश में विगत 01 वर्ष में ही प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 12 लाख युवाओं तथा
उ0प्र0 में विगत 09 वर्षों में 09 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी मिली

लखनऊ : 25 जुलाई, 2026

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश सरकार आगरा को स्मार्ट सिटी, सेफ सिटी एवं फ्यूचर रेडी सिटी के रूप मे आगे बढ़ा रही है। आधुनिकीकरण के इस दौर में आगरा में मल्टीलेवल पार्किंग, इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर, सिटी को ट्रैफिक फ्रैण्डली बनाने का कार्य किया गया है। 468 औद्योगिक इकाइयों की एन0ओ0सी0 से जुड़े कार्यक्रम ताज ट्रैपेजियम जोन (टी0टी0जेड0) के कारण लम्बित थे, उन सभी कार्यक्रमों को स्वीकृति मिल गई है। अब आगरा में उद्योग स्थापित होने में कोई बाधा नहीं है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद आगरा में आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण एवं आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्रों की 342 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टैबलेट, टूलकिट, प्रतीकात्मक चाभी एवं चेक, आयुष्मान कार्ड आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद आगरा की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उन्हें आगरा की पौराणिक और महाराजा सूरजमल के शौर्य एवं पराक्रम की धरा को नमन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि 03 माह पूर्व जब वे यहाँ आए थे, तो 6,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास सम्पन्न हुआ था। आज जनता-जनार्दन को आगरा की 03 विधान सभाओं की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। आगरा की जनता ने वर्ष 2022 एवं वर्ष 2024 में डबल इंजन सरकार को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। आज आगरा में किए गए लोकार्पण एवं शिलान्यास में फ्लाईओवर, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पॉलीटेक्निक और आई0टी0आई0, नये कॉलेज एवं नये विश्वविद्यालयों का निर्माण शामिल है। यह कार्य जनता द्वारा अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर लाने के कारण ही आगे बढ़ पाए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार आगरा में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ा चुकी है। आगरा का ब्रज भूमि क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ टूरिज़्म के एक नये केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहाँ की कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया है। आगरा में इण्टरनेशनल पोटैटो सेण्टर के क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से यहाँ के किसानों के उत्पादों को वैल्यू एडिशन मिलेगा और उन्हें अपनी उपज का कई गुना दाम मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। इससे उनके चेहरे पर खुशहाली आएगी और उनमें एक नया आत्मविश्वास दिखायी देगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा के विकास से जुड़े प्रस्तावों को राज्य सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाती है। प्रदेश सरकार ने ग्रेटर आगरा के लिए 5,200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 10 टाउनशिप निर्माण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। यह ग्रेटर आगरा का एक मॉडल बनेगा। आगरा-ग्वालियर रोड पर 1,500 करोड़ रुपये की लागत से अटलपुरम टाउनशिप योजना विकसित की जा रही है। इसके माध्यम से 10,000 परिवारों को आवास एवं कॉमर्शियल सुविधा मिलेगी। आगरा में सीवेज ट्रीटमेण्ट प्लाण्ट सफलतापूर्वक संचालित है। प्रदेश सरकार ओ0डी0ओ0पी0 (वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट) एवं ओ0डी0ओ0सी0 (वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन) जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। आगरा के प्रसिद्ध पेठे को भी विशेष पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आगरा को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का महत्वपूर्ण केन्द्र बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर भव्य संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। उनके आगरा प्रवास से जुड़े ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण का कार्य भी किया जाएगा। आगरा किले के पास छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर भव्य संग्रहालय का निर्माण कार्य इस वर्ष के अन्त तक पूरा हो जाएगा। राज्य सरकार ने आगरा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज जी की कोठी के अधिग्रहण की कार्यवाही को स्वीकृति प्रदान की है। यहाँ बटेश्वर धाम, कैलाश मन्दिर, गुरु का ताल, गीत गोविन्द वाटिका, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पैतृक भूमि बटेश्वर के साथ-साथ फतेहपुर सीकरी, शौरीपुर जैन तीर्थ के विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार ने आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में 500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। अन्नदाता किसान आत्महत्या को विवश थे। बेटियाँ और व्यापारी असुरक्षित थे। प्रदेश में गुण्डाराज, माफियाराज, कर्फ्यू और दंगों की स्थिति थी। आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू, न दंगा है, उत्तर प्रदेश में सर्वत्र चंगा ही चंगा है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना भेदभाव गाँव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान सहित समाज के प्रत्येक तबके के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता। देश में विगत 01 वर्ष में ही प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। प्रदेश में विगत 09 वर्षों में 09 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गई है। आज जब भी भर्ती होती है और नियुक्ति पत्र वितरित होते हैं, तो उसमें आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा का नौजवान भी शामिल होता है।
कार्यक्रम को उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी आज आगरा में विकास की गंगा बहा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी अपने कृतित्व के कारण प्रदेश के सभी परिवारों के मुखिया बने  हैं। आज डबल इंजन सरकार आपके परिवार की मुखिया बन चुकी है। आज पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया है। इससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं के सुरक्षा, सम्मान आत्मनिर्भरता के लिए अनेक पहलें की हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय मत्स्य पालन राज्य मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, होमगार्ड्स राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति, विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे, श्री मानवेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद श्री नवीन जैन, श्री राजकुमार चाहर, विधायक श्री पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, श्री धर्मपाल सिंह, डॉ0 जे0एस0 धर्मेश, श्री बाबू लाल चौधरी, श्री भगवान सिंह कुशवाहा, श्री छोटे लाल वर्मा, श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, आगरा की महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने