उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद झाँसी में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए झाँसी मण्डल के जनप्रतिनिधियों से विकास सम्बन्धी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में झाँसी-ललितपुर एवं जालौन जनपदों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकास आवश्यकताओं से सम्बन्धित प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक एवं विकासगत आवश्यकताओं की गहन जानकारी होती है। ऐसे में उनके सुझावों एवं प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर शासन को शीघ्र कार्ययोजना प्रेषित की जाए, जिससे आवश्यक स्वीकृतियाँ प्रदान कर समयबद्ध रूप से कार्य प्रारम्भ कराया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की सड़कों को क्षति पहुँचाने वाले व्यक्तियों अथवा संस्थाओं से नियमानुसार क्षतिपूर्ति की वसूली एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सड़कों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने तथा समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य राजमार्गों, दीर्घ एवं लघु सेतु, आर0ओ0बी0/आर0यू0बी0, धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गों, फ्लाई ओवर तथा सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित प्रस्तावों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा निर्धारित वरीयता क्रम के अनुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी बिन्दुओं पर समयबद्ध, समन्वित एवं पारदर्शी कार्यवाही की जाए। विकास परियोजनाओं के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में सम्बन्धित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार का विलम्ब अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा प्रत्येक परियोजना को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए कहा कि विकास की पहली शर्त है लैण्ड, बुन्देलखण्ड में लैण्ड बैंक अच्छा खासा है। उन्होंने सुझाव दिया कि एनर्जी के प्रस्ताव दे, जहाँ सुरक्षा का माहौल अच्छा होगा, वहाँ निवेश आएगा और रोजगार भी मिलेगा। उत्तर प्रदेश ने विकास के मामले में बड़ी छलांग लगायी है।
बैठक में मुख्यमंत्री जी को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने अवगत कराया कि 7,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। इसमें झाँसी जनपद के 3774.34 करोड़ रुपये के 450 प्रस्ताव सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने गत वित्तीय वर्ष में स्वीकृत परियोजनाओं की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि गत वर्ष झाँसी मण्डल में 2,400 करोड़ रुपये की लागत की 1,500 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिनमें से 940 परियोजनाएँ पूर्ण की जा चुकी हैं तथा शेष परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है, उन मामलों में सम्बन्धित फर्मों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री श्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, महापौर श्री बिहारी लाल आर्य, सांसद श्री अनुराग शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, विधायक श्री रवि शर्मा, श्री राजीव सिंह पारीछा, डॉ0 रश्मि आर्य, श्री जवाहर लाल राजपूत, श्री रामरतन कुशवाहा, श्री मूलचन्द्र, श्री गौरीशंकर वर्मा, विधान परिषद सदस्य श्री बाबूलाल तिवारी, श्री रामतीर्थ सिंघल, श्रीमती रमा निरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा सलाहकार मुख्यमंत्री श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know