मुख्यमंत्री ने जनपद महोबा में 697 करोड़ रु0 से अधिक
की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हमारा प्रदेश नए भारत के नए उ0प्र0 के रूप में अपनी पहचान बना रहा, यह देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा : मुख्यमंत्री
 
हम 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते, डबल इंजन सरकार प्रदेशवासियों
के कल्याण तथा प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही
 
यह पावन धरा गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली, चंदेल राजवंश की विरासत,
महोत्सव की नगरी तथा जग प्रसिद्ध आल्हा-ऊदल जैसे वीरों से सम्बन्धित
 
महोबा में गोरखगिरि के रूप में पर्यटन का नया केन्द्र विकसित
हो गया, यहां के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह कार्य सम्भव हुआ

यहां एडवेंचर टूरिज्म के लिए रोप-वे सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी

आल्हा-ऊदल के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक इस जनपद में अखाड़ों का
निर्माण कर युवाओं को वीरभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए

महोबा ऊर्जा की भूमि, यहां से निकलने वाले ग्रेनाइट पत्थर से केवल टाइल्स
व मकान ही नहीं बनते, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में भी अपना योगदान देते

यह भूमि केवल वीर और वीरांगनाओं को गढ़ने का काम ही नहीं
करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका का निर्वाहन कर रही

महोबा के देशावरी पान को सरकार ने जी0आई0 टैग से जोड़कर
वैश्विक मान्यता दिलाई, यह पान अपने अनूठे स्वाद के कारण विश्व प्रसिद्ध

डबल इंजन सरकार ने मिशन मोड पर अर्जुन सहायक परियोजना को पूर्ण कराया,
जिससे महोबा और बांदा की हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्राप्त

महोबा व चरखारी के तालाबों को जल संरक्षण की दृष्टि से तैयार करना चाहिए,
स्थानीय जनप्रतिनिधि तालाबों को डीसिल्ट करने का कार्यक्रम आगे बढ़ायें

कबरई बांध के लिए जिन किसानों ने अपनी जमीन दी, उन्हें वर्षों से भूमि का
पैसा नहीं मिला, इस समस्या को निस्तारित कर भुगतान की कार्रवाई सम्पन्न की गई

प्रदेश सरकार बुन्देलखण्ड में बीडा के रूप में
भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बसाने जा रही

 

लखनऊ : 21 जून, 2026


     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हमारा प्रदेश नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। हम 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते हैं। डबल इंजन सरकार प्रदेशवासियों के कल्याण तथा प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अब प्रदेशवासियों के सामने पहचान का संकट नहीं है। वह देश-विदेश में जहां कहीं जाते हैं, वहां के लोग उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक दिखायी देते हैं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद महोबा में 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र तथा आवास की चाभी आदि प्रदान की। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। मुख्यमंत्री जी ने गोरखगिरि पर्वत मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह पावन धरा गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली, चंदेल राजवंश की विरासत, महोत्सव की नगरी तथा जग प्रसिद्ध आल्हा-ऊदल जैसे वीरों से सम्बन्धित है। आज महोबा में लगभग 12-13 वर्षों के पश्चात गोरखगिरि पर्वत पर भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना तथा इसके पश्चात बाबा गोरखनाथ की साधना स्थली और मन्दिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अब महोबा में गोरखगिरि के रूप में पर्यटन का नया केन्द्र विकसित हो गया है। यहां के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह कार्य सम्भव हुआ। यहां आगे की योजना के बारे में हम लोगों ने चर्चा की है। यहां एडवेंचर टूरिज्म के लिए रोप-वे सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। महोबा महोत्सव के दौरान यहां पहाड़ी पर चढ़ने के लिए स्थानीय, जनपद, बुन्देलखण्ड, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। रेस्टोरेंट व होटलों का निर्माण करते हुए व्यापक सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आल्हा-ऊदल के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक इस जनपद में अखाड़ों का निर्माण कर युवाओं को वीरभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। महोबा ऊर्जा की भूमि है। यहां से निकलने वाले ग्रेनाइट पत्थर से केवल टाइल्स व मकान ही नहीं बनते, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में भी अपना योगदान देते हैं। यह भूमि केवल वीर और वीरांगनाओं को गढ़ने का काम ही नहीं करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका का निर्वाहन कर रही है। यहां चंदेल राजाओं ने जल संरक्षण के लिए जगह-जगह तालाब खुदवाकर लोक कल्याण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महोबा कभी महोत्सव के लिए जाना जाता था। महोबा के देशावरी पान को सरकार ने जी0आई0 टैग से जोड़कर वैश्विक मान्यता दिलाई है। यह पान अपने अनूठे स्वाद के कारण विश्व प्रसिद्ध है। यह यहां की माटी का प्रभाव है। आज प्रातः कालीन सत्र में हम सभी ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के किले में 12वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। योग हमें शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा में समन्वय की प्रेरणा देता है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क, स्वस्थ मस्तिष्क से स्वस्थ बुद्धि, स्वस्थ बुद्धि से स्वस्थ आत्मा और स्वस्थ आत्मा से लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता प्राप्त हुई है। आज प्रदेश की 57,000 ग्राम पंचायतों, 825 विकास खण्डों, 350 तहसीलों, 75 जनपदों तथा 762 नगर निकायों में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2021 में यहां अर्जुन सहायक सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री जी को बुलाया गया था। यह परियोजना दशकों पहले शुरू की गयी थी, लेकिन कभी पूरी नहीं हो पाई। डबल इंजन सरकार ने मिशन मोड पर अर्जुन सहायक परियोजना को पूर्ण कराया, जिससे महोबा और बांदा की हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्राप्त हुई। अन्नदाता किसानों की जमीन की कीमत बढ़ी। आज यहां का अन्नदाता किसान खुशहाल है। वर्ष 2017 से पूर्व, बुन्देलखण्ड की कनेक्टिविटी खराब थी। खनन, वन व भू माफिया हावी थे। यहां की बहनें मिट्टी का घड़ा लेकर पूरा जीवन काट देती थीं। अब यहां बेटियों और माताओं के लिए हर घर नल योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। आने वाले समय में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचेगा।
मुहख्यमंत्री जी ने कहा कि चन्देल राजाओं ने जल संरक्षण के लिए अनेक तालाब बनवाए थे। शुद्ध पेयजल लम्बे समय तक प्राप्त होता रहे, इस उद्देश्य के लिए जल संरक्षण आवश्यक है। एक भी बूंद जल का दुरुपयोग नहीं होने देना चाहिए। यदि हम इस कार्यक्रम के साथ जुड़ पाएंगे, तो यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि होगी। महोबा व चरखारी में अनेक तालाब बने हैं। तालाबों को जल संरक्षण की दृष्टि से तैयार करना चाहिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का दायित्व बनता है कि इन तालाबों को डीसिल्ट करने का कार्यक्रम आगे बढ़ायें। इस कार्य के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। बुन्देलखण्ड को एक्सप्रेस-वे के साथ जोड़ने का काम किया गया है। यहां का युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करता है। अब यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर में तोपें बन रही हैं। प्रदेश के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के माध्यम से बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन के होश उड़ा दिए थे। आने वाले समय में हम महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट तथा झांसी को ऊर्जा के केन्द्र के रूप में विकसित करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां की धरती तथा युवाओं में असीम ऊर्जा है। यहां औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया है। कबरई बांध के लिए जिन किसानों ने अपनी जमीन दी थी, उन्हें वर्षों से भूमि का पैसा नहीं मिला था। इस समस्या को निस्तारित कर भुगतान की कार्रवाई सम्पन्न की गई है। अन्नदाता किसानों का सम्मान होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति अन्नदाता किसानों का शोषण तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, तो उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश पहचान का मोहताज था। यहां उत्सव के पहले उपद्रव हो  जाते थे। अराजकता यहां की पहचान बन चुकी थी। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी। गरीबों को उनका अधिकार नहीं मिल पाता था। विकास की योजनाएं ठप पड़ी थीं। यही स्थिति बुन्देलखण्ड की भी थी। अब प्रदेश सरकार बुन्देलखण्ड में बीडा के रूप में भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बसाने जा रही है। यहां केन-बेतवा नहर परियोजना पूर्ण होने की ओर अग्रसर है। इसके माध्यम से बुन्देलखण्ड में जल की समस्या का सम्पूर्ण समाधान हो जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड के लिए विकास की अन्य परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का काम किया गया है। यहां रतौली बांध, बावनी बांध, कचनौंदा बांध, चिल्ली स्प्रिंकल सिंचाई परियोजनाओं ने बुन्देलखण्ड के अन्नदाता किसानों की किस्मत बदली है। प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में जरूरतमन्दों को अनेक कल्याणकारी योजनाआें से जोड़ा है। सरकार गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, पेंशन, बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपये तथा सामूहिक विवाह योजना हेतु 01 लाख रुपये उपलब्ध करा रही है। यह बेटी के प्रति ऋण से उऋण होने का माध्यम है। जिस बेटी ने पहले अन्याय सहा, उसे सरकार द्वारा उपहार दिया जाता है। सामूहिक विवाह के समय जिलाधिकारी कार्ड छपवाते हैं। मंत्रिगण विवाह समारोह में भाग लेते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड के लोगों को स्वास्थ्य, रसोई गैस कनेक्शन तथा बिजली आदि से सम्बन्धित सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। हमें बुन्देलखण्ड के पोटेंशियल को आगे बढ़ाना पड़ेगा। महोबा, हमीरपुर तथा चित्रकूट में सम्भावनाओं को विकसित करना चाहिए। यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों। यहां पर्यटन की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाना पड़ेगा। प्रोफेशनलिज्म तथा व्याहारिक दृष्टिकोण अपनाना पड़ेगा। डबल इंजन सरकार यहां कनेक्टिविटी को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सुरक्षा प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। सुरक्षा के बेहतर वातावरण में ही सुशासन की स्थापना हो सकती है। सुशासन द्वारा ही विकास परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। आने वाले समय में महोबा एक बार फिर विकास की बुलन्दियों को छूता हुआ दिखाई देना चाहिए। यह महोत्सव नगरी के रूप में अपनी नई पहचान बनाए। यहां की लोक गाथाओं को वैश्विक मान्यता मिले। लोक परम्पराओं को पुराने वाद्यों के साथ जोड़ कर आगे बढ़ाना चाहिए। हमें ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से यहां के उत्पादों को वैश्विक मान्यता दिलाने की दिशा में कार्य आगे बढ़ाना पड़ेगा। इन सभी सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार आपके साथ है।
कार्यक्रम के दौरान बुन्देलखण्ड के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम को श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री श्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने सम्बोधित किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री जितेन्द्र सिंह सेंगर, विधायक श्री राकेश कुमार गोस्वामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

-------------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने