बलरामपुर- भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से आदर्श नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्प्रे टैंकर के माध्यम से जल छिड़काव कराया गया। यह कार्य नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देश पर संपन्न कराया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगरवासियों को कुछ राहत प्रदान करने के लिए स्प्रे टैंकर के माध्यम से सड़कों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पानी का छिड़काव कराया गया। इससे वातावरण में ठंडक महसूस हुई और धूल से भी राहत मिली।
उन्होंने बताया कि छिड़काव के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की। विशेष रूप से बच्चों में इस व्यवस्था को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। स्प्रे टैंकर से निकलती पानी की फुहारों के बीच बच्चों ने आनंद उठाया और नगर पालिका के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए आगामी दिनों में भी आवश्यकतानुसार जल छिड़काव की व्यवस्था जारी रखी जाएगी,ताकि नागरिकों को गर्मी से राहत मिल सके। नगर पालिका परिषद जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगरवासियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर नगरवासियों ने नगर पालिका परिषद की इस जन कल्याणकारी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौर में इस प्रकार की व्यवस्थाएं आम जनता के लिए काफी राहतकारी सिद्ध होती हैं। नगर पालिका की यह पहल जनसेवा और नागरिक सुविधाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know